के अन्नामलाई ने कहा कि 'मैं भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी का स्वागत करता हूं क्योंकि यही वो रास्ता है, जिससे वह तेजी से नेता बन सकते हैं। जेल जाने और वहां से बाहर आने पर नेता बनने की प्रक्रिया तेज होती है।'
तमिलनाडु में भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी पर प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अन्नामलाई ने कहा कि सभी गिरफ्तारियां और उनके खिलाफ सारे केस झूठे हैं। तमिलनाडु पुलिस डीएमके सरकार की कठपुतली बन गई है। बता दें कि तमिलनाडु पुलिस ने भाजपा नेता अमर प्रसाद रेड्डी समेत कई भाजपा नेताओं ने अन्नामलाई के आवास के बाहर से झंडे का खंभा हटाने पर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
के अन्नामलाई बोले- डीएमके को तमिलनाडु से उखाड़ना होगा
भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी पर के अन्नामलाई ने कहा कि 'हम इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं कि तमिलनाडु से डीएमके सरकार को उखाड़ना होगा। तमिलनाडु के भाजपा कैडर के 13 नेता जेल में हैं। इनमें से छह झंडे के मामले में और सात अन्य सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर गिरफ्तार किए गए हैं। मैं भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी का स्वागत करता हूं क्योंकि यही वो रास्ता है, जिससे वह तेजी से नेता बन सकते हैं। जेल जाने और वहां से बाहर आने पर नेता बनने की प्रक्रिया तेज होती है। इसलिए हम इसे लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं। तमिलनाडु पुलिस ब्रिटिश पुलिस से भी बुरी है और वह ईस्ट इंडिया कंपनी से भी बुरा व्यवहार कर रहे हैं क्योंकि वह डीएमके सरकार की कठपुतली बन गई है।'
सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार हुए भाजपा नेता
वहीं गिरफ्तार भाजपा नेता अमर प्रसाद रेड्डी और अन्य भाजपा नेताओं को चेन्नई के तंबारम में मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बता दें कि चेन्नई पुलिस ने चेन्नई के पानाईयूर स्थित अन्नामलाई के आवास के बाहर से झंडा लगाने के एक खंभे को हटा दिया था। अमर प्रसाद रेड्डी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने इसका विरोध किया, इस दौरान भाजपा की आईटी विंग के नेता गंभीर रूप से घायल भी हो गए। हंगामे के चलते और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चेन्नई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तमिलनाडु भाजपा के राष्ट्रीय सह-प्रभारी पोंगुलेटी सुधाकर रेड्डी ने कहा कि शहर के बाहरी इलाके में भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित, अनावश्यक और अनुचित है।