तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में नेताओं ने मतदाताओं को घूस देने के लिए कुछ नए तरीके इजाद किए हैं। इसमें मोबाइल रिचार्ज कराना और गाड़ी में तेल भराने के लिए टोकन का इंतजाम करना शामिल है। इतना ही नहीं मतदाताओं को 1000 रुपए से 3,500 रुपए तक की खरीददारी के साथ-साथ हर रोज 1 लीटर दूध भी मुफ्त में मुहैया कराया जा रहा है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश लखोनी ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्होंने तेल भराने के करीब 700 टोकन को सीज किए हैं। इस मामले में दो पेट्रोल पम्प भी सील कर दिए गए हैं। एक अन्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि लोगों के पास से फोन रिचार्ज करने का टोकन, शॉपिंग वाउचर जिसकी कीमत करीब 1000 से 3500 रुपए तक होती है और 1 लीटर फ्री दूध के टोकन भी मिले हैं।
अधिकारी ने यह भी कहा कि पेट्रोल खरीदने वाले टोकन मिलना एक नयापन है और इसका मुख्य इरादा मध्य वर्गीय और गरीब मतदाताओं को अपनी ओर रिझाना है। यह एक नया तरीका है जिससे मतदाताओं को आसानी से खरीदा जा सकता है।
टोकन के बारे में बताते हुए एक अन्य अधिकारी ने कहा कि 'टोकन एक पेपर का टुकड़ा होता है जिस पर फ्री फ्यूल के लिए एक निश्चित राशि लिखी होती है। पार्टियों ने विभिन्न पेट्रोल पम्पों से जील कर ली है और वो लोग फ्यूल भराने वालों को बतादेते हैं कि उन्हें किस पेट्रोल पंप से पेट्रोल .या डीजल भराना है।'