कांग्रेस ने तमिलनाडु में शुक्रवार को राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक बुलाई है। यह बैठक द्रमुक के साथ सीटों के बंटवारे पर कोई नतीजा नहीं निकलने के बीच होने वाली है। एआईसीसी के तमिलनाडु प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने बुधवार को कहा कि पार्टी की मंगलवार को एक दौर की वार्ता हो चुकी है लेकिन सीटों के बंटवारे के मामले में कोई प्रगति नहीं हुई है।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राव ने कहा कि वह बुधवार को चेन्नई पहुंच रहे हैं और सीटों के बंटवारे के मामले में गुरुवार और शुक्रवार को आगे की बैठकें होंगी। उन्होंने कहा, 'शुक्रवार को हमारी राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक का आयोजन होना है और उम्मीद है कि तब तक हम उन सब मामलों पर किसी निर्णय पर पहुंच चुके होंगे।'
राव ने हालांकि यह नहीं बताया कि कांग्रेस ने कितनी सीटें मांगी हैं, लेकिन कहा कि सीटों के बंटवारे पर समझौता संतोषजनक और आपसी सम्मान पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'यकीनन सब कुछ संतोषजनक होना चाहिए। कुछ भी अन्यायपूर्ण न तो हमारे लिए (कांग्रेस) ठीक होगा और न ही उनके लिए (द्रमुक)।'
यह पूछे जाने पर कि क्या छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव अकेले लड़ना कांग्रेस के लिए एक विकल्प है, दिनेश गुंडू राव ने कहा कि यह सही नहीं है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के लिए द्रमुक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और एमएमके (मनीथानेया मक्काल काची) के साथ पहले ही सीटों के बंटवारे का समझौता कर चुकी है।