छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बल के एक जवान ने सर्विस रायफल से चुनाव ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। कांकेर नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। जवान ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मृतक के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी गई है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को मतदान सम्पन्न हुआ। एरिया डोमिनेशन के लिए एसएसबी के जवानों को तैनात किया गया था। नेताम ड्यूटी के दौरान किसी से फोन पर बात कर रहा था। इसी बीच उसने अचानक अपनी सर्विस रायफल से सिर में गोली मार ली।
गोली की आवाज सुन अफरा तफरी मच गई। साथी जवानों ने आनन फानन में नेताम को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है। जवान द्वारा खुदकुशी करने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। हर पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि जयराम नेताम नजदीक के ही कोंडागांव जिले के निवासी थे। उनके परिजनों को घटना से अवगत करा दिया गया है।