भारत अगले साल से वियतनाम के फाइटर पायलटों को सुखोई-30 एमकेआई उड़ाने की ट्रेनिंग देना शुरू करेगा। जैसाकि भारत वियतनाम के नौसैनिकों को पिछले तीन साल से किलो क्लास पनडुब्बियों पर ट्रेनिंग दे रहा है।
सोमवार को रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर और उनके वियतनामी समकक्ष जनरल नगो जुआन लिच के बीच इस आशय के समझौते पर दस्तखत हुए। वियतनामी रक्षामंत्री 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे हैं। तीन दिवसीय दौरे पर आए वियतनामी रक्षामंत्री के प्रतिनिधिमंडल में एयरफोर्स और नौसेना प्रमुख भी शामिल हैं।
दरअसल इस संदर्भ में पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वियतनाम दौरे पर निर्णय लिया गया था। दोनों देशों के बीच जुलाई 2007 में द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी हुई थी। वास्तव में भारत और वियतनाम दोनों एशिया प्रशांत क्षेत्र में चीन के आक्रामक रूख को लेकर चिंतित हैं। दोनों देश मिलिट्री ट्रेनिंग, अभ्यास और रक्षा तकनीक में सहयोग बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही दोनों देश दक्षिण चीन सागर में संयुक्त रूप से तेल खोजने का अभियान चला रहे हैं।