प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उनके योगदानों को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से भारतीय जनसंघ का उदय हुआ। उनका जीवन एक वैचारिक जन आंदोलन की प्रेरक परिणति है। उन्होंने भारत में एक नए वैचारिक आंदोलन को जन्म दिया। यह लोकतंत्र में वैचारिक विविधता, राष्ट्रीय चिंतन और जन भागीदारी पर उनके अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति थी।
क्या बंगाल में भव्य उत्सव?
पीएम मोदी ने लगभग पांच मिनट के अपने वीडियो संदेश में कहा, बंगाल के लिए यह दोहरी खुशी की बात है। एक तो डॉक्टर मुखर्जी की 125वीं जन्म जयंती है। दूसरा, बंगाल में इस अवसर पर भव्य आयोजन हो रहा है। उनके विचार पुंज से निकली भाजपा सरकार में यह उत्सव मनाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल की जनता अपने महान सपूत को यह आत्मीय श्रद्धांजलि दे रही है। कोलकाता में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
डॉक्टर मुखर्जी पर क्या बोले गृह मंत्री?
गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती उनको याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने अपने जीवन का क्षण-क्षण और शरीर का कण-कण मां भारती को समर्पित कर दिया। आज कोलकाता में डॉ. मुखर्जी जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर मन भावनाओं से भर गया। देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के योगदान को कभी नहीं भुला पाएगा।
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने डॉक्टर मुखर्जी को किया नमन
वहीं, पश्चिम बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन किया। उन्होंने मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'भारत माता के वीर सपूत, दूरदर्शी राजनेता और राष्ट्रवादी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के शुभ अवसर पर, मैं उन्हें नमन करता हूं। राष्ट्रीय एकता और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सदा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।