श्री स्वामीनारायण भगवान के विभिन्न स्वरूपों की 7090 मूर्तियों का विशाल समागम कर स्वामी नरायण मंदिर कुंडलधाम गुजरात ने वर्ल्ड रिकार्ड कायम किया है। मूर्तियों के विशाल समागम के लिए इस मंदिर को गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड का सम्मान मिला और ज्ञानजीवनदास स्वामी को मुंबई में यह अवॉर्ड प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित रोनू मजुमदार और उत्तर मुंबई के सांसद गोपाल शेट्टी द्वारा ज्ञानजीवन दास स्वामी के संतों को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट अर्पण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुंबई के श्रद्धालु और विशिष्ठ महानुभावो की उपस्थित रहे।
श्री स्वामीनारायण भगवान के हजारों स्वरूपों के इस अनोखे संगठन का आयोजन 18 दिसंबर के दिन गुजरात के कुंडल धाम स्थित स्वामीनारायण मंदिर में भारतीय संस्कृति और हिन्दू धर्म के विकास एवं भगवान की उपासना के प्रसार के उद्देश्य से किया गया था। इस कार्यक्रम का अवलोकन कर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स की टीम ने इसे विश्वविक्रम का दर्जा दिया है।
ज्ञानजीवन दास की प्रेरणा से निर्मित भगवान की लाखों मूर्तियां विश्वभर में भक्तों के घरों में सुशोभित है। उनकी भावना रही है कि भगवान की इन सुन्दर मूर्तियों के दर्शन कर लोग इन्हें ह्रदय में बसा ले जिससे हर व्यक्ति का मन मंदिर बन जाए। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वामिनारायण संप्रदाय ने सनातन हिन्दू परंपरा और भारतीय संस्कृति का समग्र विश्व में प्रसारित का कार्य किया है। मुंबई के सर्वोपरि नगर स्वामी नारायण मंदिर में आयोजित अवार्ड समारोह के दौरान मुंबई महानगर के पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण का आयोजन किया गया।