फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के 150 साल पूरे,अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से जाना जाएगा

Sun, 12 Jan 2020 01:10 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर बेलूर मठ में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हावड़ा जिले में स्थित बेलूर मठ रामकृष्ण मिशन का मुख्यालय है। मोदी बेलूर मठ में रात गुजारने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। मिशन के अधिकारियों ने बताया कि मोदी रविवार को तड़के उठे और उन्होंने स्वामी विवेकानंद के मंदिर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री यहां लोगों को संबोधित करने के बाद कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट पहुंचे। इस मौके पर पीएम मोदी ने पोर्ट का नाम बदलने का  एलान किया है। अब पोर्ट को श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट के नाम से जाना जाएगा। पढ़ें यहां हर अपडेट:
विज्ञापन
पीएम नरेंद्र मोदी - फोटो : Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:04 PM, 12-Jan-2020

नागरिकता कानून के खिलाफ कोलकाता में प्रदर्शन जारी

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ छात्रों ने रविवार को लगातार दूसरे दिन कोलकाता में प्रदर्शन जारी रखा। इनमें से ज्यादातर छात्र कांग्रेस और वाम पार्टियों से संबद्ध हैं। नागरिकता कानून को लेकर भय को दूर करते हुए, मोदी ने रविवार सुबह कहा कि युवाओं के एक वर्ग को कानून को लेकर भ्रमित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि यह किसी की नागरिकता नहीं लेगा। शनिवार दोपहर मोदी के यहां पहुंचने पर उन्हें काले झंडे दिखाए गए और नारेबाजी की गई।

12:58 PM, 12-Jan-2020

कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता बंदरगाह न्यास (कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट) की स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा नहीं लिया, जिसे प्रधानमंत्री ने संबोधित किया है।

12:28 PM, 12-Jan-2020

ममता बनर्जी का नाम लिए बिना प्रधानमंत्री ने बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के बहाने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता बंदरगाह न्यास का नाम डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह करने का एलान किया। प्रधानमंत्री ने यहां लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव कोशिश की जा रही है। विशेष तौर पर गरीबों, दलितों, वंचितों, शोषितों और पिछड़ों के विकास के लिए समर्पित भाव से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ममता बनर्जी का नाम लिए बिना कहा कि कटमनी, सिंडिकेट नहीं होने की वजह से केंद्र की योजनाओं को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लागू नहीं कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे ही पश्चिम बंगाल सरकार आयुष्मान भारत योजना, पीएम किसान सम्मान निधि के लिए स्वीकृति देगी, यहां के लोगों को इन योजनाओं का भी लाभ मिलने लगेगा।

विज्ञापन
12:24 PM, 12-Jan-2020

हमारी सरकार ये मानती है कि हमारे कोस्ट, विकास के गेटवेज हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के लोथल पोर्ट से लेकर कोलकाता पोर्ट तक देखें, तो भारत की लंबी कोस्ट लाइन से पूरी दुनिया में व्यापार-कारोबार होता था और सभ्यता, संस्कृति का प्रसार भी होता था। 

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ये मानती है कि हमारे कोस्ट, विकास के गेटवेज हैं। इसलिए सरकार ने कोस्ट पर कनेक्टिविटी और वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए सागरमाला कार्यक्रम शुरू किया।

इस योजना के तहत करीब 6 लाख करोड़ रुपए से अधिक के पौने 6 सौ प्रोजेक्ट्स की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक के 200 से ज्यादा प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है और लगभग सवा सौ पूरे भी हो चुके हैं।

12:19 PM, 12-Jan-2020

पोर्ट निर्माण के लिए अंबेडकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रेय जाता है

पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के इस अवसर पर, मैं बाबा साहेब को भी याद करता हूं, उन्हें नमन करता हूं। डॉ. मुखर्जी और बाबा साहेब, दोनों ने स्वतंत्रता के बाद के भारत के लिए नई नीतियां और नया विजन दिया था। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी की बनाई पहली औद्योगित नीति में देश के जल संसाधनों के उचित उपयोग पर जोर दिया गया था

प्रधानमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने देश की पहली जल संसाधन नीति और श्रमिकों से जुड़े कानूनों को लेकर अपने अनुभवों का उपयोग किया था। देश में नदी घाटी परियोजनाओं, बांधों का, पोर्ट्स का निर्माण तेजी से हो पाया तो इसका बड़ा श्रेय दोनों महान सपूतों को जाता है।

विज्ञापन
12:14 PM, 12-Jan-2020

कोलकाता पोर्ट ने विदेशी राज से स्वराज पाते देखा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का ये दिन कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के लिए, इससे जुड़े लोगों के लिए, यहां काम कर चुके साथियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण अवसर है। भारत में पोर्ट डेवलपमेंट को नई ऊर्जा देने का इससे बड़ा कोई अवसर नहीं हो सकता है। 

उन्होंने कहा कि कोलकाता पोर्ट सिर्फ जहाजों के आने-जाने का स्थान नहीं है, ये एक पूरे इतिहास को अपने आप में समेटे हुए है। इस पोर्ट ने भारत को विदेशी राज से स्वराज पाते देखा है। सत्याग्रह से लेकर स्वच्छाग्रह तक इस पोर्ट ने देश को बदलते हुए देखा है।

पीएम मोदी ने कहा कि कोलकाता का ये पोर्ट एक प्रकार से भारत की औद्योगिक, आध्यात्मिक और आत्मनिर्भरता की आकांक्षा का प्रतीक है। ऐसे में जब ये पोर्ट डेढ़ सौवें साल में प्रवेश कर रहा है, तब इसको न्यू इंडिया के निर्माण का भी एक प्रतीक बनाना आवश्यक है।

12:10 PM, 12-Jan-2020

कोलकाता पोर्ट अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट के नाम से जाना जाएगा

कोलकाता पोर्ट के 150 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके नाम को बदलने का एलान किया है। अब इस पोर्ट को श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट के नाम से जाना जाएगा। 

 

12:03 PM, 12-Jan-2020

कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के 150 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम

कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के 150 साल पूरे होने पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के 150 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने पट्टिका का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नेता जी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम, कोलकाता में भारी संख्या में लोग मौजूद हैं।

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने ट्रस्ट के कर्मचारियों के फंड के लिए 501 करोड़ रुपये का चेक भी दिया। इसी कार्यक्रम में पीएम मोदी ने पोर्ट के दो कर्मचारियों जिनमें 105 साल के पोर्ट के कर्मचारी नगीना भगत और नरेश चंद्र चक्रवर्ती को सम्मानित किया और उनके पैर भी छुए।

 

11:13 AM, 12-Jan-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेलूर मठ में प्रार्थना करने और लोगों को संबोधित करने के बाद यहां से निकल गए हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय कोलकाता दौरे पर हैं। 

 

09:55 AM, 12-Jan-2020

नागरिकता कानून पर हमारी सरकार ने गांधी के सपनों को पूरा किया

महात्मा गांधी समेत तमाम बड़े नेताओं ने कहा था कि हमें पाकिस्तान में रहने वाले अपने इन भाइयों-बहनों की मदद करनी चाहिए। हमने तो केवल गांधी जी के कहे का पालन किया है। हमने उनके सपनों को पूरा किया है।

09:55 AM, 12-Jan-2020

नागरिकता कानून के जरिए प्रताड़ित लोगों की मदद कर रहे हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कानून रातों रात नहीं लाया गया। देश में इसको लेकर काफी चर्चा हुई, लेकिन इसको लेकर युवाओं में भ्रम फैलाया गया। इस कानून के जरिए हम उन लोगों की मदद कर रहे हैं जो पड़ोसी देशों में अपनी धार्मिक आस्था के चलते प्रताड़ित किए गए। मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूं कि ऐसे लोगों की मदद करना गलत है क्या? उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच इस कानून को लेकर फैले भ्रम को दूर करना हमारी जिम्मेदारी है।

09:50 AM, 12-Jan-2020

नागरिकता कानून, नागरिकता लेने का नहीं बल्कि देने का कानून

पीएम मोदी ने नागरिकता कानून को लेकर कहा कि मैं फिर कहूंगा, नागरिकता कानून, नागरिकता लेने का नहीं, नागरिकता देने का कानून है और नागरिकता संशोधन कानून, उस कानून में सिर्फ एक संशोधन है'। 

09:50 AM, 12-Jan-2020

युवा जोश, युवा ऊर्जा ही 21वीं सदी के इस दशक में भारत को बदलने का आधार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि युवा जोश, युवा ऊर्जा ही 21वीं सदी के इस दशक में भारत को बदलने का आधार है। नए भारत का संकल्प, आपके द्वारा ही पूरा किया जाना है। ये युवा सोच ही है जो कहती है कि समस्याओं को टालो नहीं, उनसे टकराओ, उन्हें सुलझाओ।

09:43 AM, 12-Jan-2020

हमारे साथ हमेशा हमारा सृजनहार मौजूद होता है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कई बार लोगों को लगता है कि हम अकेले क्या कर सकते हैं? लेकिन गुरुजनों से जो मैंने सीखा है, वह मैं आपको बताना चाहता हूं कि हम कभी अकेले नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे साथ हमेशा हमारा सृजनहार मौजूद होता है। 

प्रधानमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की वो बात हमें हमेशा याद रखनी होगी जब वो कहते थे कि 'अगर मुझे सौ ऊर्जावान युवा मिल जाएं, तो मैं भारत को बदल दूंगा।' यानी परिवर्तन के लिए हमारी ऊर्जा, कुछ करने का जोश ही आवश्यक है।

09:37 AM, 12-Jan-2020

यहां आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं साधु-संतों के साथ यहां की सरकार का भी धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे इस पवित्र भूमि पर रात गुजारने के लिए अनुमति दी।

उन्होंने कहा कि पिछली बार जब यहां आया था तो गुरुजी, स्वामी आत्मआस्थानंद जी के आशीर्वचन लेकर गया था। आज वो शारीरिक रूप से हमारे बीच विद्यमान नहीं हैं। लेकिन उनका काम, उनका दिखाया मार्ग, रामकृष्ण मिशन के रूप में सदा हमारा मार्ग प्रशस्त करता रहेगा।    

09:34 AM, 12-Jan-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय कोलकाता दौरे पर है। यहां बेलूर मठ से लोगों को संबोधित करते हुए उन्हें स्वामी विवेकानंद जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर, राष्ट्रीय युवा दिवस पर, आप सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। देशवासियों के लिए बेलूर मठ की इस पवित्र भूमि पर आना किसी तीर्थयात्रा से कम नहीं है, लेकिन मेरे लिए तो हमेशा से ही ये घर आने जैसा ही है।

09:24 AM, 12-Jan-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हावड़ा के बेलूर मठ में संतों के साथ सुबह की प्रार्थना में शामिल हुए।

 

09:07 AM, 12-Jan-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेलूर मठ में साधु-संतों से मुलाकात की। वहीं बेलूर मठ में हो रही प्रार्थना में शामिल हुए हैं और संतों के साथ प्रार्थना कर रहे हैं।
 

09:05 AM, 12-Jan-2020

पीएम ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस को श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हावड़ा के बेलूर मठ में स्वामी रामकृष्ण परमहंस को श्रद्धांजलि अर्पित की। आपको बता दें कि स्वामी रामकृष्ण परमहंस स्वामी विवेकानंद के गुरू थे और रामकृष्ण मिशन की स्थापना भी स्वामी विवेकानंद ने की थी।
 

09:04 AM, 12-Jan-2020

पीएम के बंगाल दौरे का दूसरा दिन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार देर शाम रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ पहुंचे और रात में वहीं रुके। मोदी कोलकाता के दो दिवसीय दौरे पर हैं और उनका पहले यहां स्थित राजभवन में रुकने का कार्यक्रम था। हुगली नदी के पार पड़ोसी हावड़ा जिले में स्थित बेलूर मठ पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने रामकृष्ण मिशन प्रमुख स्वामी स्मरणानंद से मुलाकात की।

08:16 AM, 12-Jan-2020

कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के 150 साल पूरे,अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से जाना जाएगा

आज स्वामी विवेकानंद की जयंती है। इसे राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाया जाता है। वहीं, इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता में हुगली नदी के किनारे स्थित रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ में हैं। मोदी ने रात मठ में ही गुजारी। 

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में स्थित ऐतिहासिक बेलूर मठ में ठहरे पीएम मोदी आज मठ के स्वामियों के साथ ध्यान करेंगे। पीएम मोदी ने रात में हुगली नदी और हावड़ा ब्रिज का एक वीडियो शेयर किया। वहीं, हुगली नदी के पार हावड़ा में स्थित बेलूर मठ पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने शनिवार रात रामकृष्ण मिशन प्रमुख स्वामी स्मरणानंद से मुलाकात की।


 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें