पश्चिम बंगाल से शुक्रवार को दो बड़ी खबरें सामने आईं। पहली भाजपा नेता और सदन में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को लेकर है। अधिकारी को सात मार्च को शुरू हुए सदन के शेष सत्र से निलंबित कर दिया गया है। बंगाल विधानसभा सचिव के पत्र के मुताबिक, 28 मार्च को सदन द्वारा पारित एक प्रस्ताव के आधार पर आपको शेष सत्र के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया है।
क्या है मामला
इससे पहले बंगाल विधानसभा में सोमवार को उस वक्त माहौल अराजक हो गया था, जब तृणमूल कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच बीरभूम में हुई हत्या को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी सहित पांच भाजपा विधायकों को निलंबित कर दिया था। कुछ विधायकों को अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा था।
मतुआ समुदाय के लोगों को ले जा रही बस पर हमले की निंदा की
उत्तर 24 परगना जिले में मतुआ समुदाय के लोगों के एक समूह को ले जा रही एक बस पर शरारती तत्वों द्वारा हमला किए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर और तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद ममताबाला ठाकुर ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। शांतनु ठाकुर पिछड़े हिंदू समुदाय के प्रमुख संगठन मतुआ महासंघ के अध्यक्ष हैं। ममताबाला ठाकुर भी इसी समुदाय से हैं।
धनखड़ की तबीयत बिगड़ी
दूसरी ओर, बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ मतुआ धर्म महामेला में भाग लेने के लिए ठाकुरनगर जाते समय बीमार पड़ गए। उन्हें तुरंत राजभवन लाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। उनकी हालत अब स्थिर है।