सिंध प्रांत के घोटकी की रहने वाली रवीना (13) और उसकी बड़ी बहन रीना (15) का होली की पूर्व संध्या पर कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। इसके कुछ समय बाद एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक मौलवी दोनों लड़कियों का निकाह कराते हुए दिख रहा है। एक अन्य वीडियो में दोनों नाबालिगों को यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्लाम कुबूल किया है।
इमरान खान ने दिए जांच के आदेश
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने सिंध प्रांत में दो हिंदू किशोरियों के अपहरण की घटना पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। सूचना मंत्री फवाद ने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री ने सिंध के मुख्यमंत्री से हिंदू लड़कियों को अगवा कर उन्हें पंजाब ले जाने और उनका धर्म परिवर्तन कराने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही इमरान ने दोनों राज्य सरकारों से ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा है।’ इस बीच, पाकिस्तान के गृह राज्यमंत्री शहरयार खान आफरीदी ने सिंध प्रांत के आईजी को मामले की जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। आफरीदी ने कहा कि दोनों लड़कियां पाकिस्तान की नागरिक हैं और उनकी रक्षा करना हमारा दायित्व है।
लड़की के भाई ने दर्ज कराई एफआईआर
अपहरण की घटना के बाद हिंदू लड़कियों के भाई ने एफआईआर दर्ज कराई है। लड़की के भाई ने बताया कि अपहरण की वारदात के कुछ दिन पहले उनके पिता की कुछ लोगों के साथ तकरार हुई थी।