बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या मामले की सीबीआई जांच कर रही है। उन्होंने 14 जून को मुंबई स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि सीबीआई इस मामले की जांच करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या थी या हत्या। अब महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सीबीआई जांच पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह आत्महत्या थी या हत्या, इसके बारे में सीबीआई ने नहीं बताया है।
अनिल देशमुख ने रविवार को कहा, 'जांच शुरू हुए पांच महीने से ज्यादा समय हो गया है लेकिन सीबीआई ने यह खुलासा नहीं किया है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की हत्या की गई थी या उन्होंने आत्महत्या की थी। मैं सीबीआई से जांच के निष्कर्षों को जल्द से जल्द प्रकट करने का अनुरोध करता हूं।'
बता दें कि सुशांत की मौत के मामले में सीबीआई की जांच को लेकर उच्चतम न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की गई थी। याचिका में मामले को लेकर सीबीआई से स्टेटस रिपोर्ट लेने की मांग की गई थी। दिवंगत अभिनेता के मामले की जांच सीबीआई के अलावा ईडी और एनसीबी भी कर रही है। अब तक कुछ साफ नहीं हो पाया है।