महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कांदिवली इलाके में स्थित एक मंदिर में रविवार अल सुबह आग लग गई। इसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।
दमकल अधिकारी ने बताया कि घटना कांदिवली (पश्चिम) में बंदर पखड़ी रोड पर साईंबाबा मंदिर में हुई। सुबह करीब 4.15 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण मंदिर में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। यह एक लेवल-वन (मामूली) की आग थी।
उन्होंने बताया कि तीन लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं एक अन्य को बाद में सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई। चारकोप पुलिस स्टेशन ने कहा कि इस संबंध में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।