फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संसद सत्र: इंडिया ब्लॉक से अलग बैठेंगे डीएमके सांसद, सुप्रिया सुले को भी मिली नई सीट; क्या है बैठने का क्रम?

Sat, 28 Nov 2026 07:50 PM IST
राहुल कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

संसद सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने 97 सांसदों की सीटें बदल दी हैं। डीएमके सांसद अब इंडिया गठबंधन से अलग बैठेंगे, जबकि सुप्रिया सुले को भी डीएमके सांसदों के साथ नई सीट मिली है। डीएमके ने संशोधित परिसीमन विधेयकों का समर्थन किया है। क्या इस फैसले से सरकार को दो-तिहाई बहुमत जुटाने में मदद मिलेगी? क्या विपक्षी गठबंधन की एकजुटता पर इसका असर पड़ेगा? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
सुप्रिया सुले - फोटो : एएनआई/संसद टीवी/वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संसद सत्र से पहले लोकसभा में विपक्षी दलों के बैठने की व्यवस्था बदल दी गई है। लोकसभा सचिवालय ने डीएमके और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) समेत कई दलों के सांसदों की सीटें बदल दी हैं। अब डीएमके सांसद इंडिया गठबंधन के अन्य सांसदों से अलग बैठेंगे। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब डीएमके ने केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है। इस सत्र में सरकार को जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने में मदद मिल सकती है।

विज्ञापन


लोकसभा सचिवालय की 28 नवंबर 2026 की सूची में कुल 97 सांसदों के सीट या डिवीजन नंबर आवंटित अथवा दोबारा आवंटित किए गए हैं। इस बदलाव में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले की सीट भी शामिल है। उन्हें अब डीएमके सांसद कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठने की जगह दी गई है। डीएमके ने इस साल की शुरुआत में इंडिया गठबंधन से अलग होने के बाद अलग बैठने की मांग की थी। पार्टी सांसद कनिमोझी ने मई में लोकसभा सचिवालय को पत्र लिखकर सीटें अलग करने का अनुरोध किया था।
 

सांसद का नाम

  पुरानी सीट संख्या   

  नई सीट संख्या  

सुप्रिया सुले (एनसीपी-एसपी)

434

358

ए. राजा (डीएमके)

500

356

कनिमोझी (डीएमके)

435

357

दयानिधि मारन (डीएमके)

439

359

टीआर बालू (डीएमके)

496

355

विज्ञापन

डीएमके ने अलग बैठने की मांग क्यों की थी?
तमिलनाडु में कांग्रेस के डीएमके से संबंध तोड़ने और सरकार गठन में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) का समर्थन करने के बाद दोनों दलों के बीच दूरी बढ़ी थी। इसके बाद डीएमके ने लोकसभा में अलग बैठने की मांग की। शनिवार को चेन्नई में एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी ने संशोधित परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने का प्रस्ताव भी पारित किया।

किन सांसदों की सीटों में बदलाव हुआ है?
सीटों में बदलाव के तहत सुप्रिया सुले की सीट 434 से 358, डीएमके सांसद ए. राजा की 500 से 356, कनिमोझी की 435 से 357, दयानिधि मारन की 439 से 359 और टीआर बालू की 496 से 355 कर दी गई है। इस सूची में समाजवादी पार्टी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस के कुछ सांसदों की सीटें भी बदली गई हैं।

डीएमके के समर्थन से सरकार को क्या फायदा हो सकता है?
डीएमके के 22 लोकसभा सांसदों ने अप्रैल में केंद्र सरकार के पहले संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ मतदान किया था। इस बार पार्टी के समर्थन से सरकार को दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में मदद मिल सकती है। एमके स्टालिन ने कहा है कि केंद्र ने तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी बनाए रखने और राज्यों के बीच मौजूदा संतुलन अगले 25 साल तक सुरक्षित रखने की दो मांगें लिखित रूप में स्वीकार की हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें