लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण से पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उनके सोशल मीडिया के लिए काम करने वाले लोगों को पुलिस परेशान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर उन्हें धमकाया जा रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि चुनाव में भाजपा हार की आशंका से घिर गई है। इस वजह से भाजपा नेता घबरा रहे हैं। बता दें, हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अमित शाह के फर्जी वीडियो शेयर करने के आरोप में कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के एक राष्ट्रीय समन्वयक को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल पर यह आरोप लगाए हैं।
जनता भाजपा की साजिश को समझ गई है
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को कहा कि दो चरणों का मतदान हो चुका है। पीएम मोदी और भाजपा बुरी तरह से चुनाव में हारने वाली है। जनता अब भाजपा की साजिश को समझ गई है। जनता जान गई है कि अगर अब भाजपा ने जीत दर्ज की तो वे आरक्षण और संविधान को खत्म कर देंगे। पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह को हार दिख रही है। इसलिए उनके निर्देश पर कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उनके सामान को जब्त किया जा रहा है। आमने-सामने लड़ने के बजाए सोशल मीडिया के युवाओं को परेशान करना भाजपा नेताओं की घबराहट को दिखाता है।
श्रीनेत ने कहा कि पीएम मोदी और शाह के इशारों पर जिन्हें डराया जा रहा है, वे गांधी, नेहरू, पटेल और बोस की विचारधारा को मानते हैं। उन्हें डराया जा रहा है, जिन्होंने सत्य और न्याय को चुना और आपकी पूजा करने से मना कर दिया। दोनों नेता इतने डर गए कि वे सोशल मीडिया का काम कर रहे युवाओं के पीछे पड़ गए हैं लेकिन युवाओं ने फैसला कर लिया है कि वे आपसे सत्ता लेंगे।
जानें क्या है अमित शाह का फर्जी वीडियो
दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से केंद्रीय मंत्री अमित शाह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शाह एससी-एसटी और ओबीसी आरक्षण खत्म करने की बात करते दिख रहे हैं। भाजपा ने इस वीडियो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में भाजपा ने बताया कि अमित शाह ने एससी-एसटी और ओबीसी आरक्षण को खत्म करने को लेकर कोई बात नहीं की है। वायरल वीडियो पूरी तरह से फर्जी है। वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। भाजपा का कहना है कि मूल वीडियो में शाह ने तेलंगाना में मुसलमानों के लिए असंवैधानिक आरक्षण हटाने की बात कही थी।
गृह मंत्रालय फर्जी वीडियो मामले में गंभीर
शाह का फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले लोगों को खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एफआईआर दर्ज की है। गृह मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लिया है। स्पेशल सेल उन एक्स अकाउंट पर नजर रख रही है, जो इस वीडियो को पोस्ट कर रहे हैं। वीडियो डिलीट करने वाले भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। मामले में भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि जिसने भी फर्जी वीडियो साझा किया है, वे कार्रवाई के लिए तैयार रहें।