फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट: टीएमसी के बागी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग वाली याचिका खारिज, कोर्ट ने क्या कहा?

Thu, 05 Nov 2026 12:22 PM IST
नितिन गौतम एएनआई, नई दिल्ली
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट - फोटो : ANI
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शोभन देव चट्टोपाध्याय की उस याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसमें नेता प्रतिपक्ष रितब्रत बनर्जी समेत पार्टी के 10 बागी विधायकों की दलबदल विरोधी कानून के तहत सदस्यता रद्द करने की मांग की गई थी। अदालत ने उन्हें इस मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट जाने को कहा। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि फिलहाल इस मामले में उचित रास्ता कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख करना है। पीठ ने याचिकाकर्ता को हाई कोर्ट में याचिका दाखिल करने की छूट भी दी।
विज्ञापन


शीर्ष अदालत ने कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से कहा कि वे इस मामले को दो जजों की पीठ के सामने रखें, ताकि इस पर जल्द सुनवाई हो सके। सुनवाई के दौरान चट्टोपाध्याय की ओर से पेश वकील ने कहा कि विधायकों की सदस्यता रद्द करने संबंधी याचिकाएं आठ जुलाई को दाखिल की गई थीं और करीब पांच महीने बीतने के बावजूद उन पर कोई फैसला नहीं हुआ है। वकील ने दलील दी कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट के पहले के निर्देशों के दायरे में आता है। उन्होंने हाई कोर्ट की दो जजों की पीठ से जल्द सुनवाई कराने की मांग की, ताकि अदालत के भीतर अपील के कई और दौर से बचा जा सके।

आदेश सुनाते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता को कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख करना चाहिए। इसके साथ ही अदालत ने याचिका का निपटारा करते हुए हाई कोर्ट में नई याचिका दाखिल करने की अनुमति दे दी। टीएमसी के वरिष्ठ विधायक शोभन देव चट्टोपाध्याय ने अपनी याचिका में संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत रितब्रत बनर्जी और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम समेत 10 बागी विधायकों की सदस्यता रद्द करने का निर्देश देने की मांग की थी।
विज्ञापन


याचिका में पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस के खिलाफ भी निर्देश देने की मांग की गई थी। आरोप था कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय समयसीमा के भीतर विधायकों की सदस्यता रद्द करने संबंधी याचिकाओं पर फैसला नहीं लिया। इस मामले में चट्टोपाध्याय दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। इससे पहले सितंबर में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट की ओर से दाखिल याचिकाओं पर विधानसभा अध्यक्ष के फैसला नहीं लेने के बाद शीर्ष अदालत का रुख किया था।

28 सितंबर को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने उनकी पहली याचिका का निपटारा करते हुए उम्मीद जताई थी कि विधानसभा अध्यक्ष तीन महीने के भीतर विधायकों की सदस्यता से जुड़े मामले पर फैसला ले लेंगे।

शीर्ष अदालत ने कहा था कि तीन महीने की समयसीमा आठ अक्टूबर को खत्म हो रही है। अदालत ने भरोसा जताया था कि विधानसभा अध्यक्ष तय समय के भीतर उचित फैसला लेंगे। हालांकि, सदस्यता रद्द करने संबंधी याचिकाओं पर कोई फैसला नहीं आने के बाद चट्टोपाध्याय ने एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। रितब्रत बनर्जी और फिरहाद हकीम के अलावा जिन विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है, उनमें संदीपन साहा, अरूप रॉय, शिउली साहा, अखरुज्जमान, सबीना यास्मीन, रथिन घोष, बिप्लब मित्रा और जावेद अहमद खान शामिल हैं।


 
Trending Videos

पंजाब के मुख्य सचिव समेत अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत

सुप्रीम कोर्ट ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बकाया महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) का भुगतान नहीं करने के मामले में पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और अन्य अधिकारियों के खिलाफ शुरू की गई आपराधिक अवमानना की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी है। पंजाब सरकार की ओर से तीन अगस्त के आदेश का पालन नहीं किए जाने के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने राज्य सरकार के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू की थी। हाई कोर्ट ने अपने आदेश में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को डीए और डीआर की सभी बकाया किस्तों का भुगतान करने का निर्देश दिया था।

हाई कोर्ट ने यह भी कहा था कि पंजाब में काम कर रहे आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों को जिस दर से डीए और डीआर दिया जा रहा है, उसी दर से राज्य के अन्य सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को भी इसका भुगतान किया जाए। पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट के इन निर्देशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। इसके बाद शीर्ष अदालत ने आपराधिक अवमानना की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी।

पंजाब के मुख्य सचिव पर अवमानना की कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, डीए बकाये पर सरकार से मांगा जवाब
पंजाब में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (डीए) के बकाये के भुगतान से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बड़ा आदेश दिया। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में शुरू की गई आपराधिक अवमानना की कार्यवाही पर रोक लगा दी। मुख्य सचिव की ओर से हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए याचिका दाखिल की गई थी। 

हाईकोर्ट ने 12 अक्तूबर को मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर पूछा था कि उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। उन्हें गुरुवार को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश भी दिया गया था। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना की मांग करने वाले पक्ष के वकील से पूछा, 'आप मुख्य सचिव को जेल भेजने में इतनी दिलचस्पी क्यों ले रहे हैं?' पीठ ने मुख्य सचिव की ओर से कथित तौर पर जारी आंतरिक पत्राचार के आधार पर कार्रवाई की मांग पर भी सवाल उठाया। अदालत ने कहा, 'हम इस तरह दबाव बनाने की कोशिश को पसंद नहीं करते।'

31 मार्च 2027 तक कितना बकाया चुकाएगी सरकार?
सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने बताया कि मौजूदा सरकार को पिछली सरकार से करीब 13 हजार करोड़ रुपये का पुराना बकाया विरासत में मिला है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से पूछा कि वह 31 मार्च 2027 तक कितनी बकाया राशि का भुगतान कर सकती है। पीठ ने सरकार को सकारात्मक जवाब देने का मौका देते हुए मामले की अगली सुनवाई एक दिसंबर तय की। अदालत ने याचिकाकर्ताओं के खिलाफ किसी भी तरह की दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं करने का निर्देश भी दिया। दरअसल, तीन अगस्त को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकार को कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का बकाया महंगाई भत्ता दो सप्ताह के भीतर जारी करने का आदेश दिया था। 

अदालत ने यह भी कहा था कि जब तक पूरा बकाया नहीं चुकाया जाता, तब तक सरकार बड़े पैमाने पर विज्ञापन जैसे गैर-जरूरी खर्च नहीं करे। इससे पहले आठ अप्रैल को हाईकोर्ट की एकल पीठ ने बकाया भुगतान की योजना रद्द करते हुए सभी लंबित किस्तों का भुगतान 30 जून तक करने का निर्देश दिया था। भुगतान की दरें आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों पर लागू दरों के अनुसार तय करने को कहा गया था।

दिल्ली दंगा मामला: उमर खालिद और शरजील इमाम पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, जमानत याचिका खारिज होने को दी चुनौती
2020 के दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश से जुड़े मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। दोनों ने दिल्ली हाईकोर्ट के 30 सितंबर 2026 के उस फैसले को अलग-अलग याचिकाओं के जरिये चुनौती दी है, जिसमें उनकी जमानत याचिकाएं तीसरी बार खारिज कर दी गई थीं। दोनों ने सुप्रीम कोर्ट से हाईकोर्ट के फैसले पर विचार करने और जमानत देने की मांग की है।

विज्ञापन

पार्श्वनाथ के घर खरीदारों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत: पूरी हो चुकी परियोजनाओं में बन सकेंगे रजिस्ट्री के दस्तावेज; क्या हैं शर्तें?
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को रियल एस्टेट कंपनी पार्श्वनाथ डेवलपर्स की पूरी हो चुकी परियोजनाओं के घर खरीदारों को बड़ी राहत दी। अदालत ने मौजूदा आवंटियों के पक्ष में कन्वेयंस डीड (मालिकाना हक हस्तांतरण के दस्तावेज) बनाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, इसके लिए आवंटन का सही तरीके से सत्यापन करना होगा। शीर्ष अदालत ने साफ किया कि इस अनुमति के आधार पर संपत्तियों पर किसी तीसरे पक्ष का अधिकार नहीं बनाया जा सकेगा। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कंपनी के बैंक खातों पर लगी रोक में भी आंशिक ढील दी है। अब इन खातों से बिजली बिल और कर्मचारियों के बकाये का भुगतान किया जा सकेगा। इसके लिए कंपनी को कर्ज देने वाली वित्तीय संस्थाओं को समाधान पेशेवर के पास पर्याप्त धन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

शीर्ष अदालत ने कहा कि पार्श्वनाथ की कई परियोजनाओं में घर खरीदार लंबे समय से परेशान हैं। कुछ परियोजनाएं 70 से 90 फीसदी तक पूरी हो चुकी हैं, जबकि कई में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। कुछ परियोजनाएं अधूरी छोड़ दी गई हैं या सिर्फ कागजों पर मौजूद हैं। पीठ ने यह चिंता भी जताई कि लेनदारों की समिति में वित्तीय संस्थानों के हित घर खरीदारों की समस्याओं पर भारी पड़ सकते हैं। यह मामला रीता टिक्कू और उनके पति लोकेश टिक्कू की याचिका से शुरू हुआ था। दंपती ने गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित पार्श्वनाथ एक्सोटिका परियोजना में 2006 में घर बुक कराया था और करीब 1.78 करोड़ रुपये की पूरी रकम चुकाई थी, लेकिन उन्हें कब्जा नहीं मिला। हरियाणा रेरा ने उनके पक्ष में मुआवजे का आदेश भी दिया था, जिसका कंपनी ने पालन नहीं किया। 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने घर खरीदारों के अधिकारों की अनदेखी पर कंपनी को फटकार लगाते हुए उसके बैंक खाते फ्रीज करने और कंपनी के नेतृत्व के खिलाफ जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया था। बाद में अदालत के हस्तक्षेप से टिक्कू दंपती को उनका घर मिल सका।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें