फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट अपडेट्स: सुपरटेक प्रोजेक्ट से हाथ खींचना चाहता है NBCC; अम्रपाली से हटना चाहते हैं अटॉर्नी जनरल

Mon, 16 Nov 2026 06:52 PM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट अपडेट - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

सुपरटेक की अटकी आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी संभाल रही सरकारी कंपनी नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनबीसीसी) ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में कहा कि अगर घर खरीदार उसकी भागीदारी नहीं चाहते तो वह इस प्रक्रिया से हटने को तैयार है। कंपनी की ओर से पेश अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने कहा कि एनबीसीसी पूरी कार्यवाही में ऐसी भूमिका नहीं निभाना चाहती, जहां उसकी जरूरत ही न हो। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची व जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया।

विज्ञापन


'हम इस पूरी प्रक्रिया में अनचाहा हिस्सा नहीं बनना चाहते'
सुनवाई के दौरान अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने कहा कि एनबीसीसी परियोजना की लागत का आठ प्रतिशत शुल्क लेती है, जो सरकार की ओर से तय किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर घर खरीदार एनबीसीसी को नहीं चाहते तो कंपनी इस काम से बाहर होना चाहेगी। यह दलील कुछ घर खरीदारों के वकीलों की ओर से यह कहे जाने के बाद आई कि एनबीसीसी ने इन परियोजनाओं में अब तक कुछ नहीं किया है। वेंकटरमणी ने स्पष्ट किया कि NBCC एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, डेवलपर नहीं। पीठ ने कहा कि उसकी मुख्य चिंता घर खरीदारों के हितों और इन परियोजनाओं को पूरा करने वाली एजेंसी को लेकर है।

6 हजार घर खरीदारों ने बताई अपनी परेशानी
करीब छह हजार घर खरीदारों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी ने अदालत को बताया कि एक परियोजना के 16 टावरों में अब तक कोई काम नहीं हुआ है। घर खरीदारों के वकीलों ने कोर्ट रिसीवर नियुक्त करने की मांग करते हुए कहा कि अधिकतर खरीदार संपत्ति की कीमत का 90 प्रतिशत तक भुगतान कर चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक घर नहीं मिला है।
विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट को यह भी बताया गया कि दो कंपनियों ने परियोजनाओं को पूरा करने के लिए निवेश करने का प्रस्ताव दिया है। इस पर पीठ ने सवाल किया कि कंपनियां पैसा लगाने को तैयार हैं, लेकिन निर्माण कार्य को पूरा कौन करेगा? अदालत ने कहा कि NBCC खुद निर्माण करने वाली एजेंसी नहीं है। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि घर खरीदारों पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।

Trending Videos
विज्ञापन

अम्रपाली मामले में कोर्ट रिसीवर की जिम्मेदारी छोड़ना चाहते हैं अटॉर्नी जनरल

वहीं, अम्रपाली ग्रुप के घर खरीदारों की समस्याओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई। इस दौरान अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने काम के बढ़ते बोझ का हवाला देते हुए कोर्ट रिसीवर की जिम्मेदारी से मुक्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फ्लैट खरीदार उन्हें दिन-रात फोन करते हैं। कुछ लोग तो रात में फोन करके बताते हैं कि उनके घर का नल काम नहीं कर रहा है।

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने उनसे कम से कम 11 अगस्त 2030 तक जिम्मेदारी नहीं छोड़ने का अनुरोध किया। यह तारीख जस्टिस पारदीवाला के सुप्रीम कोर्ट से सेवानिवृत्त होने की तारीख है।

'आप नहीं रहेंगे तो फिर कौन जिम्मेदारी संभालेगा?'
वेंकटरमणी ने अदालत को बताया कि वह 2019 से कोर्ट रिसीवर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब अन्य कामों और जिम्मेदारियों के कारण वह इससे हटना चाहते हैं। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने उनसे कहा कि उन्होंने घर खरीदारों के लिए बहुत काम किया है और अब सवाल यह है कि उनके हटने पर जिम्मेदारी कौन संभालेगा।

पीठ ने कहा कि कुछ ऐसे खरीदार भी हो सकते हैं जिनके दावे संदिग्ध हों। ऐसे मामलों की जांच करना और गलत लेनदेन की पहचान करना भी जरूरी है। अदालत ने उनसे अनुरोध किया कि वह 11 अगस्त 2030 तक पद पर बने रहें और 12 अगस्त 2030 से हट सकते हैं। पीठ ने यह भी कहा कि घर खरीदारों को उनकी निजी समस्याओं के लिए अटॉर्नी जनरल को सीधे परेशान नहीं करना चाहिए। अदालत ने कहा कि वेंकटरमणी पर पहले से कई जिम्मेदारियां हैं और इस मामले में उन्हें सहयोग दिया जाना चाहिए।

करीब सात हजार खरीदार अब भी फ्लैट मिलने का इंतजार कर रहे
सुनवाई के दौरान वेंकटरमणी ने बताया कि करीब सात हजार घर खरीदार अब भी अपने फ्लैट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई खरीदारों ने अब तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है या घर के लिए बाकी भुगतान जमा नहीं किया है।

सुप्रीम कोर्ट ने अम्रपाली ग्रुप की अटकी परियोजनाओं की प्रगति को लेकर वेंकटरमणी, NBCC, नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरणों तथा प्रवर्तन निदेशालय (ED) से विस्तृत स्थिति रिपोर्ट मांगी। अदालत ने सभी पक्षों से 2019 के फैसले के बाद उठाए गए कदमों और आगे की कार्रवाई का ब्योरा देने को कहा, ताकि वास्तविक खरीदारों को जल्द से जल्द उनके फ्लैट का कब्जा मिल सके और संदिग्ध खरीदारों की पहचान की जा सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें