देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
कोलकाता में डॉक्टरों पर हमले के विरोध में देशभर में चल रही डॉक्टरों की हड़ताल के मामले में दाखिल जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को देश के सरकारी डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करेगा। पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को यह याचिका दायर की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में देश के सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही पश्चिम बंगाल सरकार को कोलकाता मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश देने की भी मांग की गई है।
याचिका में केंद्रीय गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार को डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देशभर के सभी सरकारी अस्पतालों में सरकारी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का निर्देश देने की मांग भी की गई है।
याचिका में कहा गया कि प्रदर्शन के कारण देशभर में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं और डॉक्टरों की अनुपस्थिति से कई मरीजों की जान जा रही है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों पर हुए हमले को लेकर देशभर में डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन जारी है। आज भी देशभर के डॉक्टरों ने ओपीडी बंद करने का एलान किया है।