झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
- फोटो : PTI
झारखंड सरकार ने धनबाद में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश उत्तम आनंद की कथित हत्या की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की सिफारिश की है। वहीं इससे पहले अदालतों की हिफाजत और न्यायाधीशों की सुरक्षा व संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी इस घटना का स्वत: संज्ञान लिया था। बता दें कि एक ऑटो रिक्शे चालक ने जज आनंद को टक्कर मार दी थी जब वह सुबह की सैर के लिए निकले थे। चीफ जस्टिस एनवी रमण और जस्टिस सूर्यकांत की पीठ ने झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को एक हफ्ते के अंदर न्यायाधीश आनंद की मौत की जांच पर स्टेटस रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
इस मामले में शुरू में यह माना जा रहा था कि न्यायाधीश आनंद की मौत एक दुर्घटना थी लेकिन जब घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो पता चला कि वाहन चालक ने जानबूझकर जज को टक्कर मारी थी क्योंकि वह उस वक्त सड़क के किनारे चल रहे थे। जज आनंद झरिया विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या के मामले सहित कुछ हाई प्रोफाइल मामलों की सुनवाई कर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश के एक गैंगस्टर अमन सिंह के गिरोह के दो सदस्यों की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
झारखंड हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को इस घटना का स्वत: संज्ञान लिया था। हाईकोर्ट इन मामलों की निगरानी कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि उसके आदेश से झारखंड हाईकोर्ट के समक्ष चल रहे मामले पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और हाईकोर्ट अपने द्वारा शुरू किए गए स्वत: संज्ञान मामले में कार्यवाही जारी रख सकता है।
ऑटो ने जज को मारी टक्कर
गौरतलब है कि गुरुवार को धनबाद में मार्निंग वॉक के दौरान जज उत्तम आनंद को ऑटो ने कुचल दिया था, गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। जिस तरह घटना को अंजाम दिया गया है उसे साजिश बताया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि जज उत्तम आनंद सड़क किनारे धीरे-धीरे दौड़ लगा रहे हैं और पीछे से तेज रफ्तार एक ऑटो सड़क पर सीधा चल रहा है और जज के नजदीक आकर वह अपना डायरेक्शन बदल देता है और जज को रौंदते हुए आगे निकल जाता है।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगा जवाब
घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कोर्ट में डीजीपी ने कहा,जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। इस पर हाईकोर्ट ने कहा, अगर जांच सही नहीं हुई तो केस सीबीआई के पास ट्रांसफर किया जाएगा।
पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया
गैंगस्टर को जमानत देने से इनकार के बाद धनबाद के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद की हत्या के मामले में गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ऑटो को भी जब्त किया है।