उच्चतम न्यायालय ने एसएससी संयुक्त स्नातक स्तर परीक्षा, 2017 और एसएससी संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर परीक्षा, 2017 के परिणाम घोषित करने पर रोक लगायी। न्यायालय ने कहा, पहली नजर में पूरी एसएससी परीक्षा प्रक्रिया और परीक्षा में गड़बड़ी नजर आ रही है। न्यायालय ने आगे कहा कि वह एसएससी परीक्षा घोटाले से लाभान्वित होने वाले लोगों को सेवा शामिल नहीं होने दे सकती।
गौरतलब है कि कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षा में धांधली के खिलाफ एकजुट होकर मार्च महीने में छात्रों ने राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था। बता दें कि छात्रों का कहना था कि 17 से 22 फरवरी तक सीजीएल टीयर-2 का पेपर हुआ था।
21 फरवरी को परीक्षा के बाद छात्र केंद्रों से बाहर निकले तो उन्होंने सोशल मीडिया पर वही प्रश्न पत्र शेयर होते देखे, जो वे हल करके आए थे। छात्रों ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर शेयर हुए पेपर की कॉपी के सबूत जुटाकर एसएससी अधिकारियों से शिकायत की। जिसके बाद छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इस पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग की। जिसके बाद कोर्ट ने केंद्र से जवाब दाखिल करने को कहा था।