पूर्व छात्र होने के चलते जस्टिस कौल प्रवेश नीति संबंधी याचिका की सुनवाई से अलग हुए
सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस संजय किशन कौल ने सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ दायर सेंट स्टीफंस कॉलेज की याचिका पर सुनवाई से खुद को यह कहते हुए अलग कर लिया कि वह इस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं और वर्तमान माहौल को देखते हुए इस मामले की सुनवाई नहीं कर सकते।
- दिल्ली हाईकोर्ट ने 12 सितंबर को इस ईसाई अल्पसंख्यक समुदाय संस्थान को दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा तैयार की गई प्रवेश नीति का पालन करने के लिए कहा था, जिसके अनुसार अपने स्नातक पाठ्यक्रमों में गैर-अल्पसंख्यक छात्रों को प्रवेश देने के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी)-2022 के स्कोर को 100 प्रतिशत वेटेज देना होता है। हाईकोर्ट ने कहा था कि कॉलेज गैर-अल्पसंख्यक श्रेणी के छात्रों के लिए अलग से साक्षात्कार आयोजित नहीं कर सकता है। प्रवेश केवल सीयूईटी स्कोर के अनुसार होना चाहिए।