सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को बोफोर्स घोटाले से जुड़े एक मामले की सुनवाई हुई। बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला अभी सुरक्षित रख लिया है और अगली सुनवाई अक्तूबर के दूसरे हफ्ते में होगी। हिंदुजा ब्रदर्स को बरी किए जाने के खिलाफ डाली गई याचिका पर चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की बेंच सुनवाई की।
ये याचिका बीजेपी लीडर और वकील अजय कुमार अग्रवाल की ओर से डाली गई है। हालांकि, ये साफ है कि सीबीआई की ओर सेहिंदुजा ब्रदर्स के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कोई याचिका नहीं डाली गई। बता दें कि ये हिंदुजा ब्रदर्स में श्रीचंद, गोपीचंद और प्रकाशचंद शामिल हैं, जोकि कभी बोफोर्स कंपनी से जुड़े हुए थे।
बता दें कि बोफोर्स केस के आरोपियों को दिल्ली हाईकोर्ट ने मई 2005 में बरी कर दिया था। गौरतलब है कि बोफोर्स तोपों की खरीद के लिए दी गई दलाली को लेकर अस्सी के दशक में जबर्दस्त राजनीतिक भूचाल आया था और इस कांड के चलते 1989 में राजीव गांधी की सरकार भी गिर गई थी।
वहीं इससे पहले संसदीय समिति के अधिकतर सदस्यों ने मांग की थी कि इस मामले की सुनवाई फिर से शुरू की जाए। इन सदस्यों ने सीबीआई से मामले को फिर से खोलने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की अपील की थी।