इलेक्टोरल बॉन्ड मामले पर सुनवाई का गुरुवार को तीसरा दिन था। इस दौरान वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सब काम छोड़कर पहले कपिल सिब्बल की तबीयत के बारे में जानकारी ली और फिर दोनों ने वरिष्ठ वकील की मदद भी की। दरअसल गुरुवार को जब पांच सदस्यों वाली संविधान पीठ इलेक्टोरल बॉन्ड मामले पर सुनवाई कर रही थी तो अचानक मुख्य न्यायाधीश ने सवाल किया कि कपिल सिब्बल कहां हैं?
मुख्य न्यायाधीश और सॉलिसिटर जनरल ने की मदद की पेशकश
इस पर कपिल सिब्बल की टीम के सदस्यों ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को कुछ बताया तो सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि सिब्बल किसी निजी वजह से अदालत में नहीं हैं और इसका सुनवाई से कोई संबंध नहीं है। इसके थोड़ी देर बाद जब कपिल सिब्बल वापस अदालत पहुंचे तो सॉलिसिटर जनरल ने बताया कि कपिल सिब्बल की तबीयत ठीक नहीं है और फिर तुषार मेहता ने कपिल सिब्बल से उनके चैंबर में बैठकर वर्चुअली सुनवाई में शामिल होने की पेशकश की। साथ ही कहा कि वह उनके लिए चाय और कुछ हल्का नाश्ता भी भिजवाते हैं। इस पर मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि कपिल सिब्बल चाहें तो सुप्रीम कोर्ट के कॉन्फ्रेंस रूम में भी बैठ सकते हैं और वहां से वीडियो लिंक के जरिए जुड़ सकते हैं।
लंच के बाद सुनवाई में शामिल हुए कपिल सिब्बल
कपिल सिब्बल ने मुख्य न्यायाधीश की पेशकश को स्वीकार कर लिया और कॉन्फ्रेंस रूम से वर्चुअली सुनवाई में शामिल हुए। हालांकि लंच के बाद जब कपिल सिब्बल स्वस्थ हुए तो वह सुनवाई में शामिल हुए और इसके बाद याचिकाकर्ता की तरफ से पेश हो रहे कपिल सिब्बल और सॉलिसिटर जनरल के बीच पूरे उत्साह में चिर-परिचित तीखी बहस हुई। बता दें कि गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इलेक्टोरल बॉन्ड मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। हालांकि अगली सुनवाई की तारीख नहीं बताई गई है।