अपने चार साल के बेटे की हत्या की आरोपी सीईओ सूचना सेठ की पुलिस हिरासत पांच दिन और बढ़ गई है। अब सूचना सेठ को 19 जनवरी तक पुलिस हिरासत में रहना होगा। गोवा की अदालत ने यह आदेश दिया है। पणजी की चिल्ड्रेन कोर्ट ने सूचना सेठ की पुलिस हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया। अब 19 जनवरी को फिर से सूचना सेठ को अदालत में पेश किया जाएगा।
आरोपी सूचना सेठ और पति वेंकट रमण में हुई थी तीखी बहस
शनिवार को सूचना सेठ के पति वेंकट रमन के कैलंगुट पुलिस स्टेशन में पुलिस ने बयान दर्ज किए। इस दौरान दोनों का आमना-सामना हुआ, जिसमें दोनों के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस ने बताया कि रमण ने सूचना से पूछा कि उसने बेटे को क्यों मारा। इस पर सूचना ने इससे इनकार कर दिया और रमण को ही उसकी इस हालत का जिम्मेदार बताया। सूचना और रमण ने एक दूसरे से मिलने के लिए पुलिस से इजाजत मांगी थी। जिसकी पुलिस ने इजाजत दे दी। दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बात हुई।
पुलिस के सामने दर्ज कराए अपने बयान में वेंकट रमण ने बताया कि सूचना को लगता था कि वह (रमण) एक हिंसक व्यक्ति है। इस वजह से उसने बेटे के साथ घर छोड़ दिया और साल 2023 में तलाक के लिए आवेदन कर दिया था। वेंकट रमण के वकील ने गोवा पुलिस को बताया कि सूचना ने रमण को बीते पांच रविवार से बेटे से मिलने नहीं दिया था। सूचना सेठ पर आरोप है कि उसने अपने चार साल के मासूम की गोवा के एक सर्विस अपार्टमेंट में गला घोंटकर हत्या कर दी थी। सूचना को गोवा पुलिस ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया था। सूचना के पास से उसके बेटे का शव भी बरामद किया गया था।