भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी का मानना है कि वह अरुण जेटली से बेहतर वित्त मंत्री साबित होंगे। स्वामी ने वित्त मंत्री के लिए खुद को ज्यादा योग्य करार देते हुए कहा कि मैं अर्थशास्त्री हूं और जेटली वकील। वह मुझसे बेहतर वित्त मंत्री कैसे हो सकते हैं? स्वामी से एक कार्यक्रम में पूछा गया था कि क्या वह जेटली से बेहतर वित्त मंत्री साबित होंगे तो उन्होंने कहा 'बिल्कुल।'
जेटली के प्रति स्वामी की नापसंदगी जगजाहिर है। लिहाजा जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा ने आप पर ज्यादा न बोलने का दबाव बनाया हैतो तो उन्होंने कहा कि मुझ पर कोई दबाव नहीं है। समस्या यह है आप मीडिया वाले जेटली से कुछ ज्यादा ही बात करते हैं।
स्वामी से यह भी पूछा गया कि क्या वह राजनाथ से बेहतर गृह मंत्री साबित होंगे। इस पर उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह मेरे दोस्त हैं और वह सरदार पटेल के बाद देश के सबसे अच्छे गृह मंत्री हैं।
कश्मीर पर स्वामी की सलाह- 'लगे राज्यपाल शासन'
- फोटो : file photo
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व मे चल रही सरकार को बर्खास्त कर राज्य में राज्यपाल शासन लगा देना चाहिए। स्वामी ने आरोप लगाया कि पीडीपी-भाजपा का गठबंधन का प्रयोग विफल हो गया है और घाटी के हालात को फिर से काबू में करने के लिए सैन्य ताकत की जरूरत है।
एक कार्यक्रम में स्वामी ने कहा, ‘शुरूआत में हमें, भाजपा की सरकार को लगा कि चूंकि हम जम्मू और लद्दाख में जीते हैं और पीडीपी कश्मीर में जीती है, इसलिए हमें यह प्रयोग करना चाहिए। लेकिन मुझ समेत कई लोगों को लगता है कि यह प्रयोग विफल रहा। महबूबा मुफ्ती सरकार को न सिर्फ इस्तीफा देना चाहिए, बल्कि उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए।’
वहीं एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोलते हुए स्वामी ने कहा कि वह राष्ट्र विरोधी हैं। स्वामी ने कहा, ‘अगर हम आधुनिक विज्ञान को देखेंगे तब भारतीय मुसलमानों के पूर्वज हिंदू थे। अगर कोई मुस्लिम इसे स्वीकार नहीं करता है तब वह देशभक्त नहीं है बल्कि वह राष्ट्रद्रोही होगा। ओवैसी राष्ट्र विरोधी हैं।’ इसके जवाब में ओवैसी ने कहा कि भारतीय संविधान में ऐसी कोई बाध्यता नहीं है कि कोई भारत माता की जय बोले। ओवैसी ने कहा कि भारतीय राष्ट्रवाद की बजाए भारत में हिंदू राष्ट्रवाद को थोपने का प्रयास किया जा रहा है और किसी को कोई विशेष नारा लगाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता है।