कोरोना वायरस के अब तक 400 से भी ज्यादा स्वरूप पूरी दुनिया में मिल चुके हैं लेकिन इनमें से कुछ ही जन स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर हैं। इन्हीं में से एक डेल्टा स्वरूप है जिसने गर्भवती महिलाओं का जोखिम बढ़ाया दिया है। इस स्वरूप की वजह से अस्थानिक (एक्टोपिक) गर्भावस्था का खतरा तीन गुना तक बढ़ गया है जिसके चलते महिलाओं की जान पर बन आ रही है। देश में पहली आर आईसीएमआर के वैज्ञानिकों ने गर्भवती महिलाओं में कोरोना संक्रमण के चलते इस स्थिति का पता लगाया है।
कोरोना संक्रमण घटते ही 151 जिले रेड जोन से बाहर
देश में कोरोना संक्रमण घटने के साथ ही 151 जिले रेड जोन से बाहर आ गए हैं। एक सप्ताह पूर्व रेड जोन में 407 जिले शामिल थे। अब 256 जिले ही रेड जोन में हैं। पिछले एक दिन में कोरोना के दैनिक मामलों में 20 हजार से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।
29 जनवरी से चार फरवरी के बीच जिलेवार संक्रमण की स्थिति को लेकर तैयार स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट में देश के 256 जिले रेड जोन में हैं। इन जिलों में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर 10 फीसदी से अधिक दर्ज की गई है। एक सप्ताह पहले तक ऐसे जिलों की संख्या 407 थी। बीते सात दिनों में 151 जिले रेड जोन से बाहर आए हैं। इनके अलावा162 जिलों में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर पांच से 10 फीसदी के बीच दर्ज की गई है। बीते सप्ताह इन जिलों की संख्या 232 थी। रिपोर्ट के अनुसार देश के 352 जिलों में कोरोना का संक्रमण पांच फीसदी से नीचे पहुंच गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के तय मानकों के आधार पर देखें तो इन जिलों में कोरोना महामारी की स्थिति अब नियंत्रण में है।
पिछले एक दिन में 1.07 लाख मामले, 865 की मौत
रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक दिन में 1,07,474 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस बीच 2 लाख 13 हजार 246 मरीजों को छुट्टी दी गई लेकिन 865 मरीजों की संक्रमण के चलते मौत हो गई। बीते शनिवार को देश में 1.27 लाख नए केस आए थे। यानी नए मामलों में करीब 20,000 की गिरावट आई है। शनिवार को 1059, जबकि शुक्रवार को 1072 लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल, देश में कुल सक्रिय मामले घटकर 12.25 लाख रह गए हैं। महामारी की शुरुआत से अब तक देशभर में कुल 4.21 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। इनमें से 4.04 करोड़ मरीज ठीक भी हुए हैं, लेकिन 5.01 लाख लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। पिछले एक दिन में कोरोना की संक्रमण दर 7.42 फीसदी दर्ज की गई है।