केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के बच्चे अब इंडस्ट्री और टेक्नोलॉजी के गुर सीखेंगे। इसके लिए सीबीएसई माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से मई में वर्चुअल ट्रेनिंग प्रोग्राम कराएगा। इसमें बच्चों को क्लाउड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, उद्यमिता, व नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान छात्रों को टीम के रूप में मिनी प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में वह अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। इस प्रोग्राम को सफलतापूर्वक पूरा करने पर छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। सीबीएसई ने माइक्रोसॉफ्ट के साथ करार किया हुआ है। इस कारण से माइक्रोसॉफ्ट सीबीएसई का ग्लोबल लर्निंग पार्टनर है। ऐसे में छात्रों के लिए प्रौद्योगिकी जोखिम और उद्योग से जुड़ाव पर आभासी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें छात्रों को विभिन्न विषयों जैसे प्रौद्योगिकी क्षेत्रों, प्रेरक उद्योग वार्ता, करियर, उद्यमशीलता के बारे में जानकारी दी जाएगी। छात्रों के मूल्यांकन के लिए कार्यक्रम के दौरान छात्रों को छोटी-छोटी चुनौतियां, असाइनमेंट दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम के लिए दो विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पहला कार्यक्रम दो मई से 10 मई तक व दूसरा एक जून से 09 जून तक होगा। इस दौरान इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ प्रतिदिन छात्रों के साथ रूबरू होकर वार्ता करेंगे।
इस प्रशिक्षण में हिस्सा लेने पर छात्रों को कोडिंग व आर्टिफिशल इंटेलिजेंस पर आधारित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। यह प्रोग्राम सभी सीबीएसई स्कूलों के लिए है। प्रशिक्षण के लिए छात्रों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का हिस्सा बनने के लिए पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण होगा। छात्रों की ओर से शिक्षक इस प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराएंगे।