प्राइमरी कक्षा के एक छात्र को अय्यप्पा भक्तों की पोशाक पहनने की वजह से मंगलवार को उसके शिक्षक ने अगले दिन से स्कूल न आने के लिए कहा। इसके बाद कुछ समय तक स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुए। पुलिस ने बताया कि तेलंगाना के यदाद्रि भोंगिर जिले में अय्यप्पा भक्तों की पोशाक पहने पांचवीं कक्षा के एक छात्र से शिक्षक ने अगले दिन से स्कूल न आने के लिए कहा। पुलिस ने बताया कि बाद में प्रिंसिपल के साथ मामला सुलझा लिया गया।
हालांकि, कुछ प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छात्र को पिछले 16 दिन से क्लास में बैठने नहीं दिया जा रहा है और मंगलवार को भी उसे वापस घर भेज दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने मांग की कि स्कूल को तुरंत बंद कर देना चाहिए और ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।