लोकसभा में बृहस्पतिवार को एक नाटकीय घटनाक्रम में सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित हो गई। नोट बंदी पर विपक्ष और सरकार ने अचानक अपना स्टैंड बदल लिया। अब तक मतविभाजन वाले नियम पर चर्चा के लिए जिद पर अड़े विपक्ष ने अचानक किसी भी नियम के तहत चर्चा कराने का प्रस्ताव रखा।
जबकि सरकार ने भी अपना स्टैंड बदलते हुए कहा कि अब नोटबंदी के बदले अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदा घोटाले पर पहले चर्चा होनी चाहिए। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर चर्चा से भागने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। फिर स्पीकर ने सदन की कार्यवाही शून्यकाल के दौरान दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले टीएमसी के सुदीप बंदोपाध्याय और कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष नोटबंदी पर हर हाल में चर्चा के लिए तैयार है। सरकार चाहे तो बिना मतविभाजन वाले नियम पर अभी से चर्चा शुरू करने पर हामी भरे।