भारतीय वायुसेना को उसका पहला राफेल लड़ाकू विमान बहुत जल्द मिलने वाला है। इसे आठ अक्तूबर को आधिकारिक रूप से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौंप दिया जाएगा। बता दें कि वायुसेना को कुल 36 राफेल लड़ाकू विमान मिलेंगे।
बता दें कि एयर मार्शल भदौरिया ने 36 राफेल लड़ाकू जेट विमानों की खरीद के लिए बातचीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आरकेएस भदौरिया एयरचीफ मार्शल बीएस धनोआ के सेवानिवृत्त होने के बाद एक अक्तूबर को वायु सेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे।
विभिन्न विमानों के साथ अपनी दक्षता के अलावा, भदौरिया एक प्रायोगिक टेस्ट पायलट, कैट 'ए' क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक पायलट अटैक इंस्ट्रक्टर भी हैं।
भदौरिया ने रूस में एयर अताशे, एयर स्टाफ के असिस्टेंट चीफ, एनडीए के कमांडेंट, सेंट्रल एयर कमांड पर वरिष्ठ एयर स्टाफ ऑफिसर, डिप्टी चीफ ऑफ दि एयर स्टाफ और दक्षिण एयर कमांड के एयर चीफ ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ के रूप में सेवाएं दी है।