डॉ. हर्षवर्धन
- फोटो : PTI
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को दावा किया कि सुप्रसिद्ध भौतिक वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग ने कहा था कि वेदों में वर्णित सिद्धांत अल्बर्ट आइंस्टीन के ‘सापेक्षता के सिद्धांत’ (ई = एमसी स्क्वायर) से बेहतर हैं। हालांकि केंद्रीय मंत्री इस सूचना के स्रोत से जुड़े सवालों को टाल गए।
105 वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस को संबोधित करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि हमने हाल ही में एक प्रख्यात ब्रह्मांड विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग को खो दिया जिन्होंने कहा था कि वेदों में वर्णित सिद्धांत आइंस्टीन के e=mc^2 सिद्धांत से भी बेहतर हो सकते हैं।
इस दावे की सत्यता के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘आप स्रोत की तलाश करिये। स्टीफन हॉकिंग ने ऑन रिकॉर्ड यह बात कही थी। आप भी स्रोत का पता लगाने की दिशा में थोड़ा काम करें।’
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि आप सब इस काम में विफल रहते हैं तो मुझसे दिल्ली में संपर्क कर सकते हैं। गौर करने वाली बात यह है कि केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के इस भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेप्तुल्ला और राज्य के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह भी मंच पर मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि स्टीफन हॉकिंग और वेद के बारे में ‘गूगल’ पर सर्च करने पर कई लिंक खुलकर सामने आते हैं। इनमें से एक ‘सर्ववेदा डॉट काम’www.serveveda.org कुछ ऐसा ही दावा करता है। पोर्टल का दावा है कि उसके संगठन ‘आई सर्व’ को केंद्र सरकार से मान्यता भी मिली हुई है।