कनाडा के प्रधानमंत्री की पत्नी के साथ आतंकी जसपाल
- फोटो : ANI
कनाडा के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा विवादों में आ गई है। मुंबई में जस्टिन ट्रूडो के लिए आयोजित की गई डिनर पार्टी में खालिस्तानी आतंकी जसपाल अटवाल दिखाई दिया था। तस्वीर सामने आने के बाद जस्टिन ट्रूडो की पूरी विजिट सवालों के घेरे में आ गई है। कनाडा के खालिस्तान प्रेम पर भारत का जोरदार विरोध किया जा रहा है।
बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी तो बेहद नाराज नजर आए। अटवाल के इस तरह डिनर पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि हमारी बेवकूफी थी कि हमने बैकग्राउंड चेक नहीं किया। स्वामी ने सवाल किया कि कनाडा के लोग कहते हैं कि वह खालिस्तानियों को सपोर्ट नहीं करते हैं। जब वो सपोर्ट नहीं करते तो उसको इजाजत कैसे मिली।
कांग्रेस ने भी किसी प्रकार के इवेंट में खालिस्तानी आतंकी के शामिल होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कनाडा को भारत सरकार और पंजाब के लोगों की भावनाओं की कद्र करनी चाहिए। कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपने देश के सर्वोच्च नेता हैं। उन्होंने आश्वस्त किया था कि वह किसी भी प्रकार के आतंकवाद का समर्थन नहीं करते हैं तो फिर खालिस्तानी आतंक कैसे उनके कार्यक्रम में शामिल हो गया।
वहीं कनाडा के पूर्व भारतीय राजदूत विष्णु प्रकाश ने पूरे मामले पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दोनों देश रिश्तों की नई इबारत लिखने जा रहे थे लेकिन अचानक इन रिश्तों पर खालिस्तान मामले के बादल मंडराने लगे हैं। उन्होंने कहा कि खलिस्तान इकलौता ऐसा देश है जो खालिस्तानियों को मंच उपलब्ध कराता है। यह एक चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि 99 फीसदी सिख कनाडा और हिंदुस्तान को प्यार करते हैं। मुट्ठी भर खालिस्तानियों ने गुरुद्वारों पर नियंत्रण कर रखा है। उन्होंने कहा कि कुछ धनवान सिख उनकी फंडिंग कर रहे हैं और वह लोग भारत विरोधी एजेंडा पर काम कर रहे हैं।