श्रीलंकाई नौसेना ने अपने जल क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी नौका को भी जब्त कर लिया है। इसके साथ ही एक अन्य घटना में श्रीलंकाई नौसैनिकों ने भारतीय मछुआरों के मछली पकड़ने वाले जाल नष्ट कर दिए।
मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों को शनिवार को नेदुनथीवू के निकट गिरफ्तार किया और उनकी मछली पकड़ने वाली एक नौका भी जब्त कर ली।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में श्रीलंकाई नौसैनिकों ने शनिवार को कच्चतीवु के निकट भारतीय मछुआरों की 20 नौकाओं के जाल नष्ट कर दिए। उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई जवानों ने भारतीय मछुआरों पर पथराव किया और बोतलें फेंकी। मछुआरों के संगठन के प्रतिनिधि सेसुराजा ने श्रीलंकाई नौसैनिकों की कार्रवाई की निंदा की और कहा कि साजो-सामान को क्षतिग्रस्त करने से मछुआरों को मुश्किलें आती हैं।