आर्थिक संकट के बीच श्रीलंका में स्वास्थ्य सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इस बीच भारत ने श्रीलंका को जरूरी दवाएं भेजी हैं। जिसके बाद श्रीलंका की ओर भारत को मदद के लिए धन्यवाद कहा गया है।
श्रीलंका इन दिनों भारी आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। यहां महंगाई चरम पर पहुंच गई है और ऊर्जा से लेकर खाने-पीने व अन्य आवश्यक वस्तुओं तक का संकट खड़ा हो गया है। इस बीच जरूरी दवाओं की आपूर्ति भी खतरे में आ गई है और श्रीलंका में स्वास्थ्य सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में पड़ोसी देश की मदद के लिए भारत ने श्रीलंका को जरूरी दवाएं भेजी हैं।
विज्ञापन
इसके बाद श्रीलंका के नेशनल आई हॉस्पिटल के डायरेक्टर ने भारत को दवाएं उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि समय पर मदद मिलने से स्वास्थ्य सुविधाओं के कामकाज को सुनिश्चित किया जा सका।
नेशनल आई हॉस्पिटल के डायरेक्टर दममिका ने बताया कि, देश में घोर आर्थिक संकट के बीच जरूरी दवाओं की उपलब्धता भी घट रही थी और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं। ऐसे में भारत ने हमारी बड़ी मदद की है। हमारी अधिकांश दवाएं भारत से ही आ रही हैं। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।