चेन्नई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जा रहे स्पाईसजेट के विमान में खराबी आने से उसे वापस चेन्नई लौटना पड़ा। करीब साढ़े घंटे बाद फ्लाइट SG-331 ने दुर्गापुर की उड़ान भरी। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी हुई कंपनी ने इसके लिए खेद प्रकट किया है।
यह घटना मंगलवार को हुई। स्पाईसजेट के विमान को बीती रात चेन्नई से उड़ान भरने के बाद इंजन में खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा। कंपनी के बोइंग B737-8 मैक्स एयरक्रॉफ्ट VT-MXA की खराबी दुरुस्त करने के बाद विमान ने बुधवार तड़के दोबारा उड़ान भरी।
पहले विक्षोभ में फंसा विमान, दो घायल
इससे पहले स्पाईसजेट मुंबई से दुर्गापुर जा रही एक अन्य उड़ान वायुमंडलीय विक्षोभ (turbulence) में फंस गई थी। इस कारण दो यात्री जख्मी हो गए थे। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है। नागरिक विमानन मंत्रालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना रविवार एक मई को हुई थी। स्पाईसजेट के विमान विमान बोइंग बी 737 को दुर्गापुर के काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट पर उतरते समय गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा। विमान में झटके से केबिन में रखे सामान यात्रियों के ऊपर गिर गए थे। विमान के अंदर अफरातफरी मच गई थी। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि बाद में विमान को दुर्गापुर में सुरक्षित उतार लिया गया। कंपनी ने घटना के लिए खेद जताया था। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं।
ऑटोपायलट मोड में था विक्षोभ में फंसा विमान
डीजीसीए ने आरंभिक रिपोर्ट में कहा है कि विक्षोभ में फंसा विमान उस वक्त ऑटोपायलट मोड में था। ऑटोपायलट दो मिनट के लिए बंद हो गया और चालक दल ने मैन्युअल रूप से विमान को उड़ाया। संबंधित क्रू, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियर और मेंटेनेंस कंट्रोल सेंटर के इंचार्ज को फिलहाल उड़ान सेवा से हटा दिया गया है।