कोलकाता से बागडोगरा जा रही स्पाइस जेट के विमान को आपात स्थिति में उतारना पड़ा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को तकनीकी खराबी के बाद यह इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। स्पाइस जेट की उड़ान संख्या एसजी 275 में केबिन में कुछ तकनीकी समस्या होने के बाद इसे लैंड करवाया गया। खास बात यह है कि इस विमान में बंगाल के डीजीपी भी सवार थे।
विमान के उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही पायलट ने तकनीकी समस्याओं को महसूस किया, जिसके बाद वापस विमान की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिग करवाई गई। वहीं एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट ने एटीसी के अधिकारियों को केबिन से निकलने वाले धुएं के बारे में सूचित किया था, जिसके बाद विमान की सोमवार शाम 4.37 बजे आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई।
इस फ्लाइट ने कोलकाता एयरपोर्ट से 4.33 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के चार मिनट बाद ही फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा। विमान में यात्रियों के साथ पश्चिम बंगाल के डीजीपी वीरेंद्र के साथ-साथ सुरक्षा सलाहकार सुरजीत कर पुरकायस्थ भी शामिल थे।