होली के अवसर पर रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विभिन्न रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें एक ट्रेन दिल्ली कैंट-अजमेर के बीच चलेगी तो दूसरी आनंद विहार-वाराणसी के बीच चलेगी। एक अन्य ट्रेन सराय रोहिल्ला-अहमदाबाद के बीच चलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 09627/09628 अजमेर-दिल्ली छावनी-अजमेर सप्ताह में तीन दिन चलेगी। 09627 अजमेर-दिल्ली छावनी 6 मार्च से 18 मार्च के बीच प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार अजमेर से सुबह 5.45 बजे चलेगी व उसी दिन पूर्वाह्न 11:05 बजे दिल्ली छावनी पहुंचेगी।
वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 09628 दिल्ली छावनी से अजमेर के लिए प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 4 बजे चलेगी व उसी दिन रात के 10:25 बजे अजमेर पहुंचेगी। यह ट्रेन किशनगढ, फुलेरा, रेनवाल, रींगस, श्री माधोपुर, नीम का थाना,डाबला, नारनौल, अटेली रेवाड़ी और गुरुग्राम स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
आनंद विहार से वाराणसी के बीच चलने वाली ट्रेन 9 से 11 मार्च के बीच चलेगी। ट्रेन संख्या 04204 वाराणसी से आनंद विहार के लिए देर रात 11:30 बजे चलेगी। यह ट्रेन 9 व 10 मार्च को वाराणसी से चलेगी। ट्रेन संख्या 04208 आनंद विहार से वाराणसी के लिए देर शाम 7:30 बजे 10 व 11 मार्च को चलेगी। वाराणसी यह ट्रेन सुबह 11 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का स्टॉपेज सुल्तानपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद में होगा। इसी तरह सराय रोहिल्ला-अहमदाबाद के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलेगी। ट्रेन संख्या 04420 सराय रोहिल्ला से अहमदाबाद के लिए शाम 3:50 बजे 5 मार्च को चलेगी और अगले दिन सुबह 7 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।