होली को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल-पटना के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन बरास्ता कानपुर, इलाहाबाद, मुगलसराय, बक्सर, दानापुर से होकर चलेगी। इसके साथ ही रेलवे ने दिल्ली-लखनऊ के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के फेरे में भी बढ़ोत्तरी करने का फैसला लिया है।
ट्रेन संख्या 04414 आनंद विहार टर्मिनल से पटना के लिए 10 मार्च को रात के 11 बजे चलेगी। अगले दिन दोपहर 2 बजे यह ट्रेन पटना पहुंचेगी। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04413 पटना से आंनद विहार टर्मिनल के लिए 11 मार्च को शाम 4 बजे चलेगी व अगले दिन सुबह 7 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इस ट्रेन में एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, पांच वातानुकूलित 2 टीयर, दस वातानुकूलित 3 टीयर कोच लगी होगी।
एक अन्य निर्णय में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 04410/04409 आनंद विहार टर्मिनल और लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरों में वृद्धि की है। ट्रेन संख्या 04410 आनंद विहार टर्मिनल और लखनऊ द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 14 से 16 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार व बृहस्पतिवार को आनंद विहार टर्मिनल से चलेगी। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04409 लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल द्वि-साप्ताहिक स्पेशल 15 से 17 मार्च के बीच प्रत्येक बुधवार व शुक्रवार को लखनऊ से चलेगी। रेलवे ने ट्रेन संख्या 64167 पलवल-अलीगढ़ ईएमयू की सेवाओं को तुरंत प्रभाव से बहाल करने का भी निर्णय लिया है।