विजय माल्या की कंगाल हो चुकी कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस की दो पॉश संपत्तियों मुंबई के किंगफिशर हाउस और गोवा के किंगफिशर विला की नीलामी सोमवार को फिर एक बार असफल रही। इनके लिए एक भी बोली नहीं लगी। 17 बैंकों के कंशोर्टियम द्वारा इस बार दोनों संपत्तियों का आधार मूल्य 10 फीसदी घटाने का भी कोई लाभ नहीं मिला। किंगफिशर हाउस का आधार मूल्य 103.5 करोड़ रुपये और गोवा की विला का 73 करोड़ रुपये रखा गया था।
पिछले सप्ताह ट्वीट कर माल्या ने किगंफिशर के असफल होने के लिए खराब इंजन को दोषी बताया था। यह चौथी बार है जब किंगफिशर हाउस के लिए कोई बोली नहीं लगी है। पिछले साल किंगफिशर हाउस की कीमत में 10 फीसदी की कटौती की थी। तब इसकी कीमत 115 करोड़ रुपए आंकी गई थी।
पिछले साल मार्च में शुरू हुआ बोली का सिलसिला 150 करोड़ रुपए से शुरु हुआ। उसके बाद 135 करोड़ रुपए की कीमत में भी किसी ने बोली नहीं लगाई। 17,000 स्क्वेयर फीट यह आलीशान बंगला मुंबई के विले-पार्ले इलाके में है। माल्या को कई बैंकों के 9 हजार करोड़ रुपए चुकाने हैं।