12 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही इसे फिर से दो बजे तक के लिए स्थगित कर देना पड़ा। इस दौरान केरल के दो कांग्रेस सांसदों टीएन प्रथापन और हिबी एडेन को लोकसभा अध्यक्ष ने निलंबित भी कर दिया। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ने दोनों सांसदों को बैनर नीचे करने की चेतावनी भी दी, लेकिन सांसद नहीं माने। तब लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों को सदन से बाहर करने का आदेश दे दिया।
केंद्र में नई सरकार के सत्ता संभालने के बाद ओम बिरला लोकसभा अध्यक्ष बने थे। संसद में लोकसभा अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद से बिरला ने सदन की कार्यवाही को अभी तक निर्बाध रूप से संचालित किया था। लोकसभा में तमाम राजनीतिक गतिरोध और विपक्ष के विरोध के बाद भी उन्होंने सदन की कार्यवाही को स्थगित नहीं किया था।
कई बार आसन से लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदस्य यह जान लें कि सदन की कार्यवाही स्थगित नहीं होगी। वह आसन से निर्देश देकर विपरीत स्थिति में भी सदन को चलाते रहे, लेकिन सोमवार 25 नवंबर को एक दिन में तीन बार लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।