समाजवादी पार्टी से महाराष्ट्र में विधायक अबू आजमी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित किसी भी धर्म से हो, अगर कोई किसी के साथ गलत करता है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित हमलों को लेकर महाराष्ट्र से समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चाहे पीड़ित हिंदू हो या मुस्लिम, अगर कोई किसी के साथ गलत करता है तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। ऐसी घटनाएं जहां भी हों और जिसके साथ भी हों, उनकी निंदा होनी चाहिए।
'अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी'
अबू आजमी ने यह भी कहा कि किसी भी देश में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है, लेकिन साथ ही अपने देश में हो रही घटनाओं पर पहले सवाल उठना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मेरे देश में जिन लोगों ने आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया, जिन्होंने कभी देश से गद्दारी नहीं की, आज उन्हें देशद्रोही कहा जा रहा है। यह कैसा इंसाफ है?'
विज्ञापन
सीएम नीतीश कुमार पर भी बरसे सपा विधायक
इसके अलावा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ा एक वायरल वीडियो सामने आने पर भी सपा विधायक अबू आजमी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। वीडियो में नीतीश कुमार एक महिला का हिजाब हटाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। इस पर अबू आजमी ने कहा कि यह हरकत बिल्कुल गलत है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ दर्ज हो मामला- अबू आजमी
उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री जैसे बड़े पद पर बैठा हो, तो उससे ज्यादा जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की उम्मीद की जाती है। अबू आजमी के अनुसार, इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए, ताकि समाज में सही संदेश जाए और किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।