कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ऐसी कौन सी घातक चोट पहुंची, जिससे उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। काशी की फिजा और लोगों की जुबां पर तैर रहे इस सवाल का जवाब मिल गया है। दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष को डॉक्टरों द्वारा की गई कार्डियक मसाज के कारण कंधे में चोट आई है।
डॉक्टरों की इस कोशिश ने कांग्रेस अध्यक्ष को तो संकट से उबार दिया पर कंधे की सर्जरी करानी पड़ गई। इस बीच सेहत की देखभाल में गंभीर चूक की एसपीजी ने जांच शुरू कर दी है।
एसपीजी ने शुक्रवार को फोन पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कांग्रेस नेताओं और फ्लीट में शामिल चिकित्सकों से बीमारी और इलाज के बारे में पूछताछ की।
अमर उजाला ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष की सेहत और कं धे की चोट से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
पार्टी के स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और दो अगस्त के रोड शो में उमड़े लोगों के गले यह नहीं उतर रहा था कि कंधे में फ्रैक्चर होने के बावजूद सोनिया गांधी किस सहज भाव से दोनों हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार कर रही थीं? यहां तक कि वह कार के दरवाजे के सहारे खड़ी भी हो गई थीं।
सोनिया गांधी की टेलीविजन पर कंधे की सर्जरी होने की खबर आने के बाद आम जन में यहां चर्चा और चिंता थी कि कंधे में चोट कैसे लगी? आखिर सोनिया गांधी को हुआ क्या था? उस दिन रोड शो को एक किलोमीटर पहले छोड़ देने के शुरुआती दौर में यही बताया गया था कि वह थकान के कारण विश्राम कर रही हैं। थोड़ी देर में रोड शो फिर शुरू हो जाएगा।
अचानक उनका रोड शो स्थगित करना और होटल से लेकर एयरपोर्ट तक घंटों इलाज करना लोगों के बीच चिंता और कौतूहल बना रहा। उल्लेखनीय है कि तबीयत खराब होने पर सोनिया को पहले लहुराबीर स्थित एक होटल में आराम करने के लिए ले जाया गया था। यहां जब आराम नहीं हुआ तो दिल्ली ले जाने का फैसला हुआ।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक बाबतपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस अध्यक्ष की तबीयत एक बार फिर बिगड़ी। यहां दो घंटे इलाज के बाद सीएमओ डॉ. वीबी सिंह, एडिशनल सीएमओ और आईएमए अध्यक्ष डॉ. ओपी तिवारी को उनके साथ चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली भेजा गया।