कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां का देहांत हो गया है। कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। जयराम रमेश ने ट्वीट किया- सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का शनिवार 27 अगस्त, 2022 को इटली में उनके घर पर निधन हो गया। अंतिम संस्कार 28 अगस्त को हुआ।
अपनी मां से मिलने गई थीं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी पिछले हफ्ते अपनी मां से मिलने के लिए गई थीं। यह यात्रा मेडिकल जांच के लिए उनकी विदेश यात्रा का हि था, जहां उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ गए थे। सोनिया अभी विदेश में ही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने भी जताया दुख
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की मां के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। परिवार के सभी सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे और आत्मा को शांति दे। वहीं, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने ट्वीट किया कि सोनिया गांधी जी की मां के निधन पर गहरा दुख प्रकट करता हूं। ईश्वर कांग्रेस अध्यक्ष और उनके परिवार के सदस्यों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।