संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान सोनिया गांधी के सामने कई निजी चुनौतियां आईं। कभी-कभार होने वाले अस्थमा, एलर्जी और पेट की समस्याओं के अलावा उन्हें दो बार गंभीर स्वास्थ्य संकट का सामना करना पड़ा। उनके संस्मरण से पता चला है कि उन्हें दो अलग-अलग मौकों पर कैंसर की आशंका और ट्यूमर की समस्या से जूझना पड़ा था।
पहली बार ब्रेस्ट कैंसर का पता चलने पर घबरा गई थीं सोनिया
गांधी ने अपने हाल ही में जारी संस्मरण में बताया है कि 2010 में ब्रेस्ट कैंसर की आशंका के चलते डॉक्टरों ने उन्हें सर्जरी कराने की सलाह दी थी। उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर पूरा भरोसा था। अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में वह लिखती हैं, 'यूपीए के दूसरे कार्यकाल में मेरे सामने कुछ निजी चुनौतियां आईं। कभी-कभार होने वाले अस्थमा और एलर्जी के अलावा, तब तक मुझे कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं थी। डॉक्टरों ने बताया कि पेट की समस्याओं का एक मुख्य कारण तनाव है। और सच में, जैसे-जैसे मेरी उम्र बढ़ी और मैं खुद राजनीति में पूरी तरह शामिल हो गई, ये समस्याएं बार-बार होने लगीं और और भी गंभीर हो गईं।'
सर्जरी से पहले मन में आने लगे थे डरावने ख्याल
सोनिया गांधी बताती हैं कि 2010 में ब्रेस्ट कैंसर की आशंका के कारण उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई थी। उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर पूरा भरोसा था, लेकिन इसके बावजूद वह काफी डरी हुई थीं। वह लिखती हैं, 'फिर भी, मैं घबराई हुई और चिंतित थी। हमें बताया गया कि बिल्कुल भी समय बर्बाद नहीं किया जा सकता, और मेरे दिमाग में डरावने नतीजों के ख्याल आने लगे।'
मीडिया की नजरों से बचने के लिए इटली में कराया ऑपरेशन
अगले महीने 80 साल की होने जा रहीं कांग्रेस नेता ने मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में सर्जरी कराने का फैसला नहीं किया। उन्हें डर था कि ऐसा करने पर मीडिया उनके निजी जीवन में दखल देगा। इसके बजाय उन्होंने मिलान के पास स्थित यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी में ऑपरेशन कराने का फैसला किया। इस बारे में वह सवाल करती हैं, 'मैंने हमेशा अपने निजी जीवन को निजी ही रखने की कोशिश की है। यह सोचकर ही मुझे बहुत तकलीफ होती थी और गुस्सा भी आता था कि मीडिया में मेरी बीमारी पर चर्चा होगी। यह सच है कि मैं एक सार्वजनिक हस्ती बन गई थी, लेकिन क्या इसका मतलब यह है कि मुझे थोड़ी सी भी निजता नहीं मिल सकती?'
राहुल-प्रियंका ने ऑपरेशन से पहले थामा था मां का हाथ
सोनिया गांधी ने बताया कि एक वरिष्ठ अधिकारी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ-साथ अपनी बहनों नादिया और अनुष्का को लेकर वह प्रसिद्ध सर्जन डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी की देखरेख में ऑपरेशन कराने पहुंचीं। वह लिखती हैं, 'सर्जरी के दिन, जब मुझे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया जा रहा था, तो राहुल और प्रियंका ने मेरा हाथ पकड़ा और मेरे माथे को चूमा। उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।'
डॉक्टरों ने निकाले थे दो ट्यूमर
सोनिया गांधी के मुताबिक, डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान दो ट्यूमर निकाले। इनमें से एक ऐसा था, जिससे कोई खतरा नहीं था, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी हटा दिया गया। साथ ही ऑपरेशन के दौरान ही रेडिएशन (इंट्रा-ऑपरेटिव रेडिएशन) दिया गया, ताकि बाद में उन्हें पांच सप्ताह तक रेडियोथेरेपी न करानी पड़े।
एक साल बाद पैंक्रियाज में मिली गांठ ने बढ़ाई चिंता
सोनिया गांधी के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। पहली सर्जरी के करीब एक साल बाद फॉलो-अप जांच के दौरान उनके पैंक्रियाज (अग्न्याशय) में एक गांठ का पता चला। इस खबर से वह और उनके बच्चे काफी परेशान हो गए। वह लिखती हैं, 'हमें तुरंत लगा कि शायद पुरानी समस्या फिर से उभर आई है। कई डॉक्टरों से सलाह लेने के बाद, उन्हें लगा कि मुझे तुरंत सर्जरी की जरूरत है। शुरुआत में शक था कि यह 'न्यूरोएंडोक्राइन' ट्यूमर हो सकता है, जिसका मतलब होता एक लंबा ऑपरेशन और अस्पताल में लंबे समय तक रहना।'
इलाज के लिए नीदरलैंड के अस्पताल पहुंचीं सोनिया
इस बार सोनिया गांधी को नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर भेजा गया। यहां पैंक्रियाज के जाने-माने सर्जन डॉ. कैस्पर वैन इजक ने उनका इलाज किया। वह लिखती हैं, 'सबके दिलासा देने के बावजूद, मैं ऑपरेशन को लेकर काफी परेशान और घबराई हुई थी, क्योंकि बीमारी कितनी फैली है, इसका पता सर्जरी के बाद ही चल सकता था। मेरे दिमाग में सबसे बुरे ख्याल आने लगे। क्या होगा अगर यह 'मेटास्टैटिक' (शरीर के अन्य हिस्सों में फैलने वाली) गांठ निकली? क्या मैं इससे बच पाऊंगी?'
मनमोहन सिंह और कुछ करीबी नेताओं को ही थी जानकारी
सोनिया गांधी ने बताया कि वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कुछ वरिष्ठ सहयोगियों के अलावा किसी को बताए बिना सर्जरी कराने के लिए चली गई थीं। ऑपरेशन के बाद डॉ. वैन इजक ने उन्हें बताया कि वह खुशकिस्मत थीं, क्योंकि ट्यूमर शुरुआती प्री-कैंसरस अवस्था में था और समय रहते उसका पता चल गया था।
2016 में वाराणसी की रैली के दौरान हुई थीं बेहोश
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में अगस्त 2016 की एक घटना का भी जिक्र किया है। उस समय वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विधानसभा चुनाव की एक रैली में शामिल होने पहुंची थीं। रैली के दौरान काफिला करीब पांच घंटे तक चलता रहा। लगातार थकान के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। वह लिखती हैं, 'सड़क के दोनों ओर कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाती उत्साहित भीड़ जमा थी। लेकिन काफिला पांच घंटे तक चलता रहा और बढ़ती थकान के कारण मेरी हालत खराब होने लगी। मैं बेहोश हो गई और मुझे हवाई मार्ग से दिल्ली ले जाया गया।'
बेहोशी की हालत में राजीव गांधी को देखने का किया जिक्र
सोनिया गांधी ने इस घटना से जुड़ा एक भावुक अनुभव भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि जब वह होश में आ रही थीं और फिर बेहोश हो रही थीं, तब उन्हें अपने दिवंगत पति राजीव गांधी दिखाई दिए।
वह लिखती हैं, 'मैंने उन्हें फिर से देखा-राजीव, जो मेरी ओर हाथ बढ़ा रहे थे और मुझे तसल्ली देते हुए मुस्कुरा रहे थे, मानो कह रहे हों कि सब ठीक हो जाएगा।' सोनिया गांधी के मुताबिक, शीला दीक्षित उस पूरे समय उनके साथ थीं। बाद में उन्होंने बताया कि तनावपूर्ण हवाई यात्रा के दौरान सोनिया अचानक मुस्कुराने लगी थीं। सोनिया को यकीन है कि वह वही पल रहा होगा, जब उन्हें राजीव गांधी दिखाई दिए थे। हालांकि, बेहोश होकर गिरने के कारण उनका कंधा बुरी तरह टूट गया था और उन्हें एक बार फिर ऑपरेशन कराना पड़ा।
कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद सीधे केसरी के घर पहुंची थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में कांग्रेस की राजनीति से जुड़ा एक पुराना और भावुक किस्सा भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के तुरंत बाद वह कांग्रेस कार्य समिति की बैठक से सीधे अपने पूर्ववर्ती सीताराम केसरी के घर पहुंची थीं। वहां उन्होंने केसरी के पैर छुए। इस पर उनकी आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने सोनिया गांधी के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया।
कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में मची थी उथल-पुथल
सोनिया गांधी ने उस दौर की राजनीतिक घटनाओं को याद किया है। उन्होंने बताया कि 1996 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व में कांग्रेस की हार के बाद देश की राजनीति में काफी बदलाव हुए। इसके बाद 1999 में 20 दलों के गठबंधन के साथ भाजपा सत्ता में आई। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के नए प्रधानमंत्री बने। संसद में करीब पांच दशक का अनुभव रखने वाले वाजपेयी एक चतुर राजनेता और दमदार वक्ता के रूप में जाने जाते थे। उनकी बहस करने की शैली भी काफी प्रभावशाली थी।
14 मार्च 1998 को सोनिया गांधी बनी थीं कांग्रेस अध्यक्ष
सोनिया गांधी लिखती हैं, "चुनाव नतीजों के कारण पार्टी के भीतर काफी उथल-पुथल मच गई। कांग्रेस कार्य समिति ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि नेतृत्व में बदलाव जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम केसरी को पद से हटना पड़ा और उनकी जगह 14 मार्च 1998 को मुझे अध्यक्ष चुना गया।"
सीताराम केसरी के पैर छूकर लिया था आशीर्वाद
सोनिया गांधी ने बताया कि सीताराम केसरी छह दशकों से भी ज्यादा समय तक कांग्रेस के सक्रिय सदस्य रहे थे। वह उन्हें सम्मान से 'केसरी जी' कहकर बुलाती थीं। वह लिखती हैं, 'सीताराम केसरी जी, जिन्हें मैं इसी नाम से बुलाती थी, छह दशकों से भी अधिक समय तक एक सक्रिय कांग्रेसी रहे थे। अचानक मेरे मन में आया और मैं बैठक से सीधे उनके घर चली गई। मैंने उन्हें अभिवादन किया और बड़ों के प्रति सम्मान जताने के लिए उनके पैर छुए। मेरे अचानक वहां पहुंचने से वे हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने मेरी आंखों में आंसू लिए हुए मेरे सिर पर हाथ रखकर मुझे आशीर्वाद दिया।'
ये भी पढ़ें:
'आपातकाल के फैसलों में था संजय गांधी का दखल': सोनिया ने बताया- मेनका से शादी के बाद भाइयों में आ गई थी दूरी
नाटकीय घटनाक्रम के बीच केसरी को छोड़ना पड़ा था पद
मार्च 1998 में कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के दौरान नाटकीय घटनाक्रम हुआ था। इस दौरान सीताराम केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया गया, जिससे सोनिया गांधी के लिए पार्टी की कमान संभालने का रास्ता साफ हुआ। बिहार से आने वाले सीताराम केसरी ने 1996 से 1998 तक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम किया था। साल 2000 में उनका निधन हो गया।