महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में एक 22 वर्षीय जिम ट्रेनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर 23 वर्षीय युवती ने यौन शोषण, मारपीट और शादी का झांसा देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान आरिफ अयूब शेख के रूप में हुई है। उसे मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।
सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर शोषण का आरोप
नालासोपारा पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, युवती ने 12 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि अप्रैल 2025 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात आरिफ से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और आरिफ ने उसका भरोसा जीत लिया। आरोप है कि इसके बाद वह युवती को अपने घर ले गया, जहां कई बार उसका यौन शोषण किया गया। युवती ने आरोप लगाया कि आरिफ और उसकी मां रुकसाना ने शादी का भरोसा देकर उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। शिकायत में उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी कही गई है। इसके अलावा, आरिफ के चचेरे भाई साहिल शेख पर भी युवती ने यौन उत्पीड़न की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
मोबाइल से मिले 100 से ज्यादा वीडियो
जांच के दौरान पुलिस ने आरिफ के मोबाइल फोन से 100 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि इनमें से कुछ वीडियो विदेशों में भी साझा किए गए हो सकते हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
कई धाराओं में केस दर्ज
जोन-3 के डीसीपी शशिकांत बोराटे ने बताया कि मुख्य आरोपी, उसकी मां और चचेरे भाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें यौन शोषण, गलत तरीके से बंधक बनाने, चोट पहुंचाने, हमला करने और आपराधिक धमकी देने से जुड़े आरोप शामिल हैं।
नवरात्रि पर टिप्पणी को लेकर भी मामला
पुलिस के मुताबिक, इसी सप्ताह आरिफ के खिलाफ नवरात्रि पर्व को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में भी मामला दर्ज किया गया था। उस पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के इरादे से जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण कृत्य करने का आरोप है।
ये भी पढ़ें:
प्रोफेसर की होगी गिरफ्तारी?: आईआईटी बॉम्बे के बाहर साहिल के समर्थन में प्रदर्शन, कई पुलिस हिरासत में लिए गए
किरीट सोमैया ने लगाए बड़े गिरोह के आरोप
भाजपा नेता किरीट सोमैया मंगलवार को नालासोपारा पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामले में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि कई हिंदू लड़कियों का शोषण किया गया है और कई वीडियो बरामद हुए हैं। सोमैया ने विदेशी लेन-देन का भी जिक्र करते हुए बड़े गिरोह की आशंका जताई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है और मामले की जांच जारी है।