उत्तराखंड में भी दिनभर बर्फबारी जारी रही। यहां चार फुट से अधिक नई बर्फ जम चुकी है। दिनभर तापमान माइनस सात के करीब रहा। उधर, बदरीनाथ धाम में डेढ़ फुट और हेमकुंड साहिब में करीब तीन फुट ताजी बर्फ जम गई है। वहीं, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम समेत समुद्र सतह से ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।
यमुनोत्री-गंगोत्री में न्यूनतम माइनस पांच डिग्री सेल्सियस है। रुद्रप्रयाग सहित निचले इलाकों में रविवार सुबह के समय कुछ देर हल्की बारिश हुई। उधर, मिलम में एक फुट, खलिया में 9 इंच, कालामुनि में 8 इंच और बालाती में 4 इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। काशीपुर में ठंड से 60 वर्षीय वृद्ध लेखराज सिंह की मौत हो गई। वह मूलरूप से ग्राम खड़कपुर देवीपुरा ठाकु रद्वारा यूपी के रहने वाले थे।
जम्मू में हुई बर्फबारी
- फोटो : पीटीआई
जम्मू-कश्मीर में शनिवार देर रात बारिश और बर्फबारी हुई। बर्फबारी के दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखा। वहीं, मौसम में सुधार आने से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर फंसे वाहनों को भी रविवार को गंतव्य की तरफ रवाना कर दिया गया। श्रीनगर-कारगिल और राजोरी व पुंछ जिले को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड अब भी बंद है। जम्मू में रविवार को अधिकतम तापमान 19.1 और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कश्मीर में भी अधिकतर पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई है।