अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी।
- फोटो : amar ujala
आप सांसद स्वाति मालीवाल इन दिनों चर्चाओं में हैं। इस बीच, भाजपा ने कहा कि किसी को भी मालीवाल पर कथित हमले की जांच में बाधा नहीं डालना चाहिए। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि उस वक्त दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर कौन-कौन मौजूद थे और घटना में सीएम अरविंद केजरीवाल की क्या भूमिका है।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब मालीवाल पर हमला किया गया तो उस वक्त आवास पर कौन-कौन मौजूद था। यह जानना महत्वपूर्ण है। किसी को भी जांच में बाधा नहीं डालना चाहिए। मैं सिर्फ भाजपा की प्रवक्ता हूं पुलिस की नहीं। मैं सिर्फ अनुरोध कर सकती है। उन्होंने यह बात आप द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए की।
सीएम आवास में महिला सांसद सुरक्षित नहीं
ईरानी ने कहा कि केजरीवाल को आरोपी बिभव कुमार के साथ यात्रा करते हुए देखा गया। इससे साफ होता है कि उनकी वफादारी किस ओर है। क्या उनसे न्याय की उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल देश में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कैसे बात कर सकते हैं, जब उनकी पार्टी की महिला सांसद ही उनके आवास पर सुरक्षित नहीं हैं।
केजरीवाल ने एक दिन पहले चुप्पी तोड़ी
बता दें, मामले में पहली बार केजरीवाल ने एक दिन पहले टिप्पणी की। उन्होंने कहा था कि वे मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। न्याय होना चाहिए। सीएम केजरीवाल ने कहा था कि मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है और उनकी टिप्पणी से कार्यवाही प्रभावित हो सकती है। इस मामले के दो पक्ष हैं।
सिसोदिया मामले में हमलावर हुईं ईरानी
इसके अलावा, ईरानी ने लोगों से दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश को भी पढ़ने का आग्रह किया, जिसमें दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। अदालत ने कहा था कि आप नेता के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग भ्रष्टाचार के लिए किया। वे सबूतों को नष्ट करने और दबाव बनाने की क्षमता रखते हैं। स्मृति ने दावा किया कि घोटाले में केजरीवाल के साथ-साथ सिसोदिया ने भी अहम भूमिका निभाई।