पुणे की यरवडा पुलिस ने शुक्रवार को एक अध्यापिका को बच्चों की विद्यालय परिसर में सुरक्षा की अनदेखी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। ऐसा इसलिए क्योंकि पहली कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाली छात्रा पर जियोमैट्रिक बॉक्स के डिवाइडर से हमला कर दिया।
यह घटना सोमवार दोपहर को एक निजी स्कूल में घटी जो यरवडा में स्थित है। छात्रा को काफी चोटें आई हैं। दोनों छात्रों की उम्र छह साल है। छात्रा की मां ने यरवडा पुलिस में इसकी शिकायत की। जिसके बाद अध्यापिका पर अनदेखी का मामला दर्ज हुआ। पुलिस का कहना है कि छात्रा के माता-पिता दोनों कामकाजी हैं।
इस घटना के बारे में उन्हें तब पता चला जब छात्रा की मां उसे अस्पताल लेकर पहुंची। वहीं डॉक्टरों ने बताया कि उसे किसी तेज चीज से चोट लगी है। जब उसकी मां ने चोट के बारे में पूछा तो उसने घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर को 12.45 से 1.30 के बीच की है।
पहली कक्षा के सभी बच्चों को डांस क्लास में जाना था लेकिन छात्रा ने अपनी कक्षा में ही रुकने का फैसला किया क्योंकि उसे नींद जैसा महसूस हो रहा था। सभी बच्चे डांस क्लास के लिए चले गए और वह अपना सिर नीचे करके डेस्क पर बैठ गई। पुलिस ने बताया कि जब छात्रा अकेली थी तब लड़का कक्षा में आया। वह उसकी डेस्क पर आया और अपना स्केल तोड़ने की वजह से उसपर चिल्लाने लगा।
गुस्से में उसने अपनी जियोमैट्री से डिवाइडर निकाला और उसपर हमला कर दिया। उसने तीन बार लड़की पर डिवाइडर से वार किया। बच्ची जब मदद के लिए चिल्लाने लगी तो अध्यापिका और अन्य सदस्य दौड़कर वहां पहुंचे। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया क्योंकि उसका खून निकलना बंद नहीं हो रहा था।