आईएमए ग्रुप पोंजी घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने मंगलवार को कांग्रेस से निलंबित विधायक रोशन बेग को नोटिस जारी कर उसके समक्ष पेश होने को कहा है। एसआईटी बृहस्पतिवार को बेग से पूछताछ करेगी। इससे पहले, बेग ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने पर पहले ही निलंबित कर दिया था।
एसआईटी अधिकारियों ने बताया कि हमने बेग को नोटिस जारी किया है। घोटाले के मुख्य आरोपी और आईएमए ज्वेल्स के मालिक मोहम्मद मंसूर खान ने एक ऑडियो मैसेज जारी कर बेग पर 400 करोड़ रुपये लेने और उस रकम को नहीं लौटाने का आरोप लगाया था। मंसूर खान फिलहाल फरार है और किसी अज्ञात जगह पर छिपा है।
पोंजी स्कीम में कर्नाटक के लोगों के अलावा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और दिल्ली तक के हजारों लोगों ने निवेश किया था। एसआईटी ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बंगलूरू अर्बन डिस्ट्रिक्ट के उपायुक्त बीएम विजय शंकर और बंगलूरू उत्तर सब डिविजन के सहायक आयुक्त एल सी नागराज भी शामिल हैं। विजय शंकर पर मामले को दबाने के लिए 1.5 करोड़ और नागराज पर 4 करोड़ रुपये मंसूर खान से लेने का आरोप है।