महाराष्ट्र सरकार ने शिवसेना की प्रवक्ता शीतल म्हात्रे का पार्टी के विधायक प्रकाश सुर्वे के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। वहीं, मुंबई पुलिस ने इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) के नेता साईनाथ दुर्गे सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। दुर्गे को आदित्य ठाकरे का करीबी बताया जाता है।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री शंभूराज देसाई ने सोमवार को राज्य विधानसभा में बोलते हुए कहा कि एसआईटी का नेतृत्व एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी करेंगे। इससे पहले सोमवार को विधानसभा में इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। सत्तापक्ष की महिला विधायक यामिनी जाधव और मनीषा चौधरी ने यह मुद्दा उठाया और मामले की एसआईटी से जांच की मांग की। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के आदेश पर कैबिनेट मंत्री शंभुराज देसाई ने सदन में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित कर मामले की जांच कराने की घोषणा की।
बताया गया है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता साईनाथ दुर्गे और पार्टी के सोशल मीडिया समन्वयक विनायक दावरे (26) ने फेसबुक पर 'मॉर्फ्ड' वीडियो पोस्ट किया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने सोमवार को साईनाथ दुर्गे को 'मॉर्फ्ड' वीडियो मामले में गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को 15 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर आईपीसी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आशीर्वाद यात्रा से जुड़े वीडियो से छेड़छाड़ का आरोप
बता दें, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और भाजपा ने मुंबई में आशीर्वाद यात्रा शुरू की है। शनिवार को मुंबई पश्चिमी उपनगर के दहिसर में आशीर्वाद यात्रा निकाली गई थी। वीडियो को उस वक्त का ही बताया जा रहा है। बोरिवली के मागाठणे से विधायक प्रकाश सुर्वे के परिजनों का कहना है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर छबि खराब करने के लिए कथित रूप से वीडियो से छेड़छाड कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया है।