दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ट्वीट में आशंका जताई कि वायरस का यह नया स्वरूप तीसरी लहर के रूप में भारत में दस्तक दे सकता है। उन्होंने हिंदी में ट्वीट किया, ''सिंगापुर में आया कोरोना का नया रूप बच्चों के लिए बेहद खतरनाक बताया जा रहा है। भारत में यह तीसरी लहर के रूप में आ सकता है। केंद्र सरकार से मेरी अपील है- 1. सिंगापुर के साथ हवाई सेवाएं तत्काल प्रभाव से रद्द हों। 2. बच्चों के लिए भी टीके के विकल्पों पर प्राथमिकता के आधार पर काम हो।’’
केजरीवाल को केंद्र सरकार ने भी दिया जवाब
सिंगापुर से पहले केंद्र सरकार ने केजरीवाल को जवाब दिया। विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सिंगापुर की स्थिति पर केंद्र सरकार की नजर है और सभी एहतियात बरती जा रही हैं। पुरी ने ट्विटर पर कहा, ''केजरीवाल, सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मार्च 2020 से ही बंद हैं। सिंगापुर के साथ हमारा एयर बब्बल भी नहीं है।'' उन्होंने कहा कि वंदे भारत मिशन के तहत दोनों देशों के बीच कुछ उड़ानें जारी हैं ताकि वहां फंसे भारतीयों को वापस लाया जा सके।
दिल्ली सरकार ने दी सफाई
दिल्ली सरकार ने इस पूर मामले पर सफाई दी है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि इस वक्त कोरोना के अलग-अलग स्ट्रेन हैं, जिनका जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चल रहा है। जब लंदन से फ्लाइट आ रही थी, हमने तब भी उन्हें रोकने की अपील की थी। सत्येंद्र जैन का कहना है कि पूरे विवाद पर शाम को सफाई दी जाएगी।